नौवीं कक्षा में नामांकन को लेकर बवाल, अभिभावकों ने किया हंगामा!

SHARE:

रिपोर्ट- पंकज कुमार


जहानाबाद
जिले के पाली उच्च विद्यालय में नौवीं कक्षा में नामांकन नहीं होने से नाराज अभिभावकों और छात्रों ने बुधवार को जमकर हंगामा किया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने विद्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापक का घेराव करते हुए अपनी नाराजगी जताई।
अभिभावकों का आरोप है कि उनके बच्चों का नामांकन नहीं लिया जा रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस संबंध में प्रधानाध्यापक राजेश कुमार ने बताया कि विद्यालय को मॉडल स्कूल का दर्जा दिया गया है। ऐसे में केवल उन्हीं छात्रों का दाखिला लिया जा रहा है, जिन्होंने प्रवेश परीक्षा में भाग लिया है।
अभिभावकों का कहना है कि उन्हें प्रवेश परीक्षा के बारे में कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। अचानक इस तरह की शर्त लागू कर दिए जाने से उनके बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रशासन अब उन्हें अन्य स्कूलों में नामांकन कराने की सलाह दे रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि नजदीकी अन्य विद्यालय करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं, जिससे खासकर छात्राओं को आवागमन में कठिनाई होगी और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहेगी। ऐसे में उन्होंने इसी विद्यालय में नामांकन की मांग की है।
अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। स्थानीय लोगों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से हस्तक्षेप कर बच्चों का नामांकन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जिले के एक अन्य विद्यालय में नामांकन को लेकर इसी प्रकार की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Join us on: