रिपोर्ट- सुमित कुमार
-मुंगेर : जिले में रसोई गैस की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को शहर के विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंट एवं मिठाई दुकानों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग का खुलासा हुआ तथा कुल लगभग एक दर्जन सिलेंडर जब्त किए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक के नेतृत्व में चंद्रशेखर चौक स्थित ढाबों एवं मिठाई दुकानों में सघन जांच की गई। इसके पश्चात नीलम सिनेमा क्षेत्र स्थित ‘हार्ट चिकन’, ‘दिल्ली दरबार चिकन बिरयानी’ एवं ‘मुरादाबाद चिकन बिरयानी’ सहित कई प्रतिष्ठानों में छापेमारी की गई। जांच के दौरान यह पाया गया कि व्यावसायिक उपयोग के लिए अनिवार्य कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के स्थान पर घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा था। मौके से आधा दर्जन सिलेंडर बरामद किए गए।
इसके बाद टीम ने कस्तूरबा वाटर वर्क्स क्षेत्र की दो मिठाई दुकानों में भी छापेमारी की, जहां घरेलू गैस का अवैध उपयोग जारी था। यहां से भी कई सिलेंडर जब्त किए गए। सभी जब्त सिलेंडरों की सूची तैयार कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में यह विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में जांच की गई, वहां कॉमर्शियल गैस के वैध कागजात उपलब्ध नहीं थे, जबकि घरेलू गैस कनेक्शन के दस्तावेज ही पाए गए।उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति सामान्य है और व्यवसायिक उपभोक्ता इसे आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। ऐसे में घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह अवैध है।प्रशासन ने सभी होटल, रेस्टोरेंट एवं दुकान संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे शीघ्र ही वैध कॉमर्शियल गैस कनेक्शन लेकर नियमों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वही इस छापेमारी में सदर प्रखंड के बीडीओ , सदर एमओ ,कोतवाली थाना पुलिस सहित सशस्त्र बल के साथ छापेमारी की गयी।




