पटना मे समता महाजुटान एवं राजभवन मार्च मे भाग लेंगे हजारो छात्र नौजवान!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी 18 मार्च को पटना में समता महाजुटान एवं राजभवन मार्च में भाग लेंगे हजारों छात्र – नौजवान। यूजीसी गाइडलाइन को लागू कराने तथा शिक्षा में सामाजिक न्याय और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 18 मार्च 2026 को पटना के गांधी मैदान स्थित 10 नंबर गेट से आयोजित होने वाले समता महाजुटान एवं राजभवन मार्च को सफल बनाने के उद्देश्य से मधुबनी में डीएम आवास के सामने स्थित बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
प्रेस वार्ता को आइसा के प्रदेश उपाध्यक्ष मयंक कुमार, भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष आलोक देवराज, बिनोद क्रांति, सतनारायण यादव, अवधेश ऋषि, सुरेश पासवान, चंदेश्वर सदय, पिंकी कुमारी, रामबिलास राम और राजा कुमार यादव ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की मंशा यूजीसी की उन महत्वपूर्ण गाइडलाइनों को लागू नहीं होने देने की है, जो उच्च शिक्षण संस्थानों में सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित समुदायों के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सीधे तौर पर सामाजिक न्याय के प्रावधानों को समाप्त करने का साहस नहीं जुटा पा रही है, इसलिए अदालतों के माध्यम से दलितों, पिछड़ों और कमजोर वर्गों को उनके अधिकारों से वंचित करने की कोशिश की जा रही है।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में सामाजिक न्याय को कमजोर करने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देश के विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में आरक्षण और प्रतिनिधित्व के सवाल पर कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में जानकारी दी गई कि समता आंदोलन के आह्वान पर 18 मार्च को पटना में राजभवन मार्च आयोजित किया जाएगा। इसके ठीक अगले दिन 19 मार्च को इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है। ऐसे में सुनवाई से पहले राज्यभर से दलित, पिछड़े, अति पिछड़े और अन्य वंचित तबकों के लोग पटना पहुंचकर अपनी मजबूत आवाज दर्ज कराएंगे और सामाजिक न्याय के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
वक्ताओं ने आगे कहा है कि शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े सवाल केवल किसी एक वर्ग का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे समाज के लोकतांत्रिक भविष्य से जुड़ा प्रश्न है। इसलिए समाज के सभी प्रगतिशील, लोकतांत्रिक और न्यायप्रिय लोगों को इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया है कि मधुबनी जिले से हजारों छात्र–नौजवानों और सामाजिक न्याय के समर्थकों को गोलबंद कर 18 मार्च को पटना ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए गांव–टोला स्तर पर बैठकों का आयोजन, जनसंपर्क अभियान और व्यापक प्रचार-प्रसार युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
वक्ताओं ने अन्याय, भेदभाव और शोषण के खिलाफ सभी सामाजिक और लोकतांत्रिक ताकतों से एक मंच पर आने की अपील करते हुए कहा कि 18 मार्च का यह समता महाजुटान शिक्षा में समान अवसर और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए एक निर्णायक पहल साबित होगा।

Join us on:

और पढ़ें