उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य के साथ ही छठ पूजा का हुआ समापन !

SHARE:

भागलपुर से धीरज शर्मा की रिपोर्ट

भागलपुर में आस्था का महापर्व छठ पूजा उदीयमान भगवान भास्कर को
अर्घ्य देने के साथ ही पूरा हो गया। भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद छठव्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत भी विधिवत खत्म किया | इस दौरान श्रृद्धालुओं ने अपने आराध्य भगवान सूर्य से सुख – समृद्धि की प्रार्थना की। भागलपुर के पुल घाट सीढ़ी घाट, बाबा बूढ़ानाथ घाट, खंजरपुर घाट सहित अन्य कई घाटों पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रृद्धालुओं की काफी भीड़ देखी गई| पिछले कई घंटों से निर्जला व्रत रखकर छठवर्तियों ने अपने आराध्य को खुश रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी| छठव्रतियों के अलावा अन्य महिलाएं भी पानी में खड़ी होकर सूर्य देव की आराधना कर रहे थे । इसके पश्चात महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन कर एक दूसरे को सिन्दूर पहनाकर अमर सुहाग के लिए सूर्य देव से प्रार्थना की। गंगा घाटों पर आस्था की अविरल धारा बह रही थी। गंगा घाटों के अलावा हर घर में छठ मैया के भजनों से वातावरण में आस्था की सुगंध घुल गई। प्रात: सात बजे तक पूजा संपन्न होने के बाद गंगा नदी के घाटों से लोगों का लौटना शुरू हो गया। इससे पहले बुधवार की शाम में गंगा घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य देने के लिए व्रती और उनके परिजन जुटे हुए थे। वहीं गंगा घाट के अलावा कई स्थानों पर कृत्रिम तालाब में भी पवित्र छठ पूजा मनाया गया| जबकि कई लोगों ने अपने घर की छत पर ही सीमित रूप से कृत्रिम तालाब का निर्माण किया था|

छठी मइया के गीतों से गुंजायमान हुआ गंगा घाट

भागलपुर में तमाम गंगा घाटों पर छठी मइया के गीत गूंज रहे थे। महिलाओं कि टोली में छठी मां की गीत गाई जा रही थी। कोई ‘छठी माई के घाटवा पे आजन बाजन..’ तो कोई ‘ पहिले पहिल हम कईनी, छठी मइया व्रत त्योहार.., छोड़ नौकरी के जल्दी घरवा आई ए बलमु जी’, उगा हो सूर्य देव सहित कई प्रकार की गीत गा रहे थे। लाउडस्पीकर पर भी छठ गीत बज रहे थे। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद श्रद्धालु भक्ति भाव में विभोर होकर जमकर झूमे।

वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के खौफ पर आस्था भारी, लोगों ने पूजा के उत्सव में कोविड -19 गाइडलाइंस को किया नजरअंदाज

गंगा घाटाें पर छठ पूजा के लिए आए श्रृद्धालुओं के जन सैलाब के बीच कोविड -19 गाइडलाइंस के प्रति लोगों में काफी लापरवाही दिखी। मास्क और शारीरिक दूरी जैसी जरूरी चीजों का ध्यान तक लोगों ने नहीं रखा था|

छठ पूजा के मद्देनजर गंगा घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, डीएम एसएसपी समेत कई अधिकारी खुद कर रहे थे निगरानी

प्रकृति को समर्पित छठ महापर्व को लेकर भागलपुर के विभिन्न गंगा तटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे| भागलपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और एसएसपी निताशा गुड़िया समेत कई आलाधिकारी पूरी व्यवस्था का मॉनिटरिंग खुद कर रहे थे| विभिन्न गंगा तटों पर एसडीआरएफ की टीम किसी अनहोनी की आशंका से निपटने को लेकर इंस्पेक्टर गणेश जी ओझा के नेतृत्व में तैनात दिखी| इस तरह शुद्धता, स्वच्छता और प्रकृति को समर्पित लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन भागलपुर सहित पूरे प्रदेश में उत्साह के माहौल में हो गया।

Join us on:

Leave a Comment