सहरसा- पोखर से अधेड़ व्यक्ति का संदिग्ध परिस्थिति में शव बरामद, हत्या का आरोप!

SHARE:

रिपोर्ट – बिकास कुमार!

सहरसा: सदर थाना क्षेत्र के मौसमात पोखर से सोमवार को संदिग्ध परिस्थिति में 55 वर्षीय एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान चंदन भूषण सिंह (55), पिता स्व. सुधांगु सिंह, के रूप में हुई है। वह सहरसा शहर के अली नगर वार्ड नंबर-22 में फुलचन साह के मकान में किराए पर अकेले रहते थे और करीब 10 वर्षों से वहीं रहकर पेंटिंग का काम करते थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, चंदन भूषण सिंह पोखर में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान डूबने से उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पड़ोसी दानिस ने बताया कि वह नहाने के लिए पोखर गए थे, जहां डूबने से उनकी मौत हुई होगी।

बताया जाता है कि मृतक के तीन बेटे थे, जिनमें से एक की पहले ही मौत हो चुकी है। वहीं, मृतक की पत्नी लक्ष्मी देवी शादी के बाद उन्हें छोड़कर जम्मू-कश्मीर में किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहने लगी थीं।

इधर, मृतक के तथाकथित बेटे साहिल ने बताया कि वह एसी कंपनी में नौकरी करता है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उसकी चंदन भूषण सिंह से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद दोबारा सूचना मिली कि उनकी मौत हो गई है। साहिल ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोखर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर थाना प्रभारी अजय पासवान ने बताया कि पोखर से शव बरामद किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल पाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Join us on: