मुजफ्फरपुर- दीनदहाड़े छात्र को गोली मारकर लाखों लूट कर बदमाश फरार!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष तिवारी!

मुजफ्फरपुर और वैशाली सीमा पर सरैया घाट और महेसी गांव के बीच सोमवार को हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बीबीए के छात्र को गोली मारकर दो लाख रुपये लूट लिए।

विरोध करने पर बदमाशों ने छात्र पर 5 से 7 राउंड फायरिंग की। दो गोलियां छात्र के दोनों पैरों में लगीं। घटना के बाद अपराधी रुपये लेकर मौके से फरार हो गए।

घायल छात्र की पहचान सकरा थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी 22 वर्षीय धनराज कुमार के रूप में हुई है। वह एक मैनेजमेंट कॉलेज में बीबीए की पढ़ाई कर रहा है।

धनराज ने बताया कि वह कॉलेज की फीस जमा करने के लिए दो लाख रुपये लेकर जा रहा था। इसके लिए उसने वैशाली जिले के बालिगांव थाना क्षेत्र स्थित अपने दोस्त के मुर्गी फार्म से दो लाख रुपये कर्ज के रूप में लिए थे।

रास्ते में सरैया घाट और महेसी के बीच सुनसान जगह पर उसने बाइक रोकी। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार पांच अपराधियों ने उसे घेर लिया और हथियार के बल पर रुपये छीनने लगे। धनराज ने विरोध किया तो बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली दाहिने पैर में घुटने के पास और दूसरी पैर के दूसरे हिस्से में लगी।

गोली लगने के बाद छात्र सड़क पर गिर पड़ा। अपराधी उसके पास से दो लाख रुपये लूटकर भाग निकले। घायल धनराज ने दोस्तों को फोन कर घटना की जानकारी दी।

दोस्तों ने मौके पर पहुंचकर उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां ऑपरेशन कर दोनों पैरों से गोलियां निकाल दी गईं। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है।

Join us on: