मुजफ्फरपुर- प्रतिबंधित मांस की दुकानों पर छापेमारी के बाद एक दर्जन से अधिक दुकानें सील!

SHARE:

रिपोर्ट- संतोष तिवारी!

मुजफ्फरपुर में प्रतिबंधित मांस की दुकानों पर छापेमारी के बाद एक दर्जन से अधिक दुकानें सील,सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए।

बिहार : मुजफ्फरपुर

मुजफ्फरपुर शहर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र महेश बाबू चौक स्थित बुचरखना इलाके में शुक्रवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पूर्वी एसडीओ तुषार कुमार और नगर डीएसपी-2 विनीता सिन्हा के नेतृत्व में शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे के बाद अचानक छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान बुचरखना इलाके से भारी मात्रा में संदिग्ध और प्रतिबंधित मांस बरामद होने की बात सामने आई। मौके पर ही मांस के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पूर्वी एसडीओ तुषार कुमार ने बताया कि ब्रह्मपुरा थाना को कसाई टोला और आसपास के इलाके में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित मांस के कारोबार की लिखित शिकायत मिली थी। इसी शिकायत के आधार पर जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वेटनरी विभाग के चिकित्सक भी मौके पर मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई और संदिग्ध मांस के सैंपल एकत्र किए गए।
अचानक हुई कार्रवाई से कई कारोबारी मौके से फरार हो गए। हालांकि प्रशासन ने एक दर्जन से अधिक दुकानों को बंद कर सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसडीओ पूर्वी ने बताया कि सैंपल की जांच रिपोर्ट आने तक सभी संबंधित दुकानें बंद रहेंगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वही नगर डीएसपी-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि कुरेसी गली और आसपास के इलाके में प्रतिबंधित मांस की बिक्री को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इस संबंध में लिखित शिकायत भी प्राप्त हुई थी। छापेमारी के दौरान पूरे इलाके की वीडियोग्राफी कराई गई है और मांस के सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस मामले में ब्रह्मपुरा थाना में एक बार फिर एफआईआर दर्ज की जाएगी।उन्होंने यह भी बताया कि करीब छह महीने पहले भी इसी इलाके में कार्रवाई की गई थी। उस समय ब्रह्मपुरा थाना कांड संख्या 184/25 के तहत मामला दर्ज कर सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, लेकिन अब तक उसकी रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट आने के बाद उस मामले में भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: