रिपोर्ट – सुमित कुमार
सोशल मीडिया पर उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री को धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, मुंगेर जेल भेजा गया
मुंगेर जिले हरपुर थाना पुलिस ने शिशुआ गांव निवासी उचित यादव के 23 वर्षीय पुत्र शरद यादव को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में मुंगेर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार युवक पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं गृह मंत्री के खिलाफ गाली-गलौज, धमकी देने और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हरपुर थाना में आरोपी के खिलाफ विधिवत प्राथमिकी (केस) दर्ज की गई थी। हरपुर थानाध्यक्ष सत्यम कुमार ने बताया कि शरद यादव मनबढ़ू और दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी गांव और आसपास के इलाकों में लोगों को डरा-धमकाकर पैसे की अवैध वसूली भी करता था, जिससे ग्रामीण लंबे समय से परेशान थे। उसके डर के कारण कोई भी व्यक्ति उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।
थाना में पूछताछ के दौरान वायरल वीडियो के संबंध में आरोपी ने दावा किया कि वीडियो पुराना है और उसने आवेश में आकर ऐसा बोल दिया था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में मुंगेर जेल भेज दिया।




