:- रवि शंकर अमित!
जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आज दिनांक 30.12.2025 को कार्यालय प्रकोष्ठ में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में 05–दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक सूची के अंतिम प्रकाशन से संबंधित आंकड़ों की समीक्षा की गई तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने जानकारी दी कि अर्हता तिथि 01 नवंबर 2025 के आधार पर दोनों निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दरभंगा स्नातक तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 20-20 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिससे मतदाताओं को मतदान में सुविधा मिल सके।
अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 28,723 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 19,978 पुरुष, 8,743 महिला तथा 02 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,078 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें 1,478 पुरुष एवं 600 महिला मतदाता हैं।
जिलांतर्गत मतदाताओं की स्थिति की तुलनात्मक समीक्षा करते हुए बताया गया कि प्रारूप प्रकाशन की तुलना में अंतिम प्रकाशन के समय स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में संतुलित वृद्धि देखने को मिली है। यह वृद्धि व्यापक जागरूकता एवं समय पर आवेदन प्रक्रिया का परिणाम मानी जा रही है।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं अद्यतन स्थिति को हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, सुचारू होनी एवं समावेशी तरीके से संपन्न हो सके। उन्होंने सभी योग्य मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की भी अपील की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक बेगूसराय श्री मनीष, माननीय विधायक चेरियाबरियारपुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।




