रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया!
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत परबत्ता विधानसभा क्षेत्र में आज दिनांक 24 अक्टूबर 2025 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार एवं उप विकास आयुक्त श्री अभिषेक पलासिया के नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान संचालित किया गया।
इस दौरान निर्वाचन से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु विभिन्न स्थानों पर वाहनों की बारीकी से जांच की गई। रूट पेट्रोलिंग के साथ-साथ पुलिस बलों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों तथा गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी प्रकार की आचार संहिता का उल्लंघन या अवैध रूप से धन, शराब या अन्य प्रलोभनकारी वस्तुओं का परिवहन न हो।
जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य क्षेत्र में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, मतदाताओं को प्रभावित करने या चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने के किसी भी प्रयास पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार ने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है तथा लगातार फ्लैग मार्च एवं गश्ती अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि मतदाताओं के बीच विश्वास का माहौल बना रहे।
उप विकास आयुक्त श्री अभिषेक पलासिया ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य मतदाताओं में आत्मविश्वास एवं जागरूकता बढ़ाना है, ताकि वे बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे आगामी 06 नवंबर 2025 को होने वाले मतदान में निडर होकर भाग लें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएँ।




