अविनाश कुमार!

बिहार के सीतामढ़ी में जीत के नशे में चूर मुखिया समर्थको द्वारा पुलिस के साथ मारपीट किये जाने का वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। घटना नानपुर थाना क्षेत्र के गौरी पंचायत का है। जहाँ नवनिर्वाचित मुखिया समर्थकों ने नानपुर थाने के सहायक निरीक्षक आरके यादव को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। वे चुनाव की गाइडलाइन के तहत मुखिया की जीत के बाद निकाले गए डीजे व जुलूस पर रोक लगाने पहुंचे थे। मुखिया समर्थकों की पिटाई से बचते हुए पुलिस तितर-बितर हो गई। देर शाम बाद पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद जिले के आलाधिकारी कार्रवाई में जुट गए बताया जाता है कि शनिवार को विजय जुलूस निकाला गया था। कोविड के कारण चुनाव आयोग ने डीजे और जुलूस पर रोक लगाने का निर्देश जारी किया है। इसके बावजूद गौरी गांव में जीत के जश्न में डीजे बजाते हुए जुलूस निकाला गया। इस पर रोक लगाने जब पुलिस पहुंची तो समर्थकों ने खदेड़ दिया। इस मामले में सहायक निरीक्षक आरके यादव के बयान पर नानपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। मालूम हो कि मुखिया पद प्रत्याशी जोगिंदर मंडल की जीत के जश्न में समर्थक पूर्व मुखिया व हारे हुए प्रत्याशी के दरवाजे से होकर विजय जुलूस निकाल रहे थे।
इस वायरल वीडियो की पुष्टि शंखनाद नहीं करता है!




