बाल श्रम और बाल विवाह के खिलाफ कोसी लोक मंच का अभियान,डीएम ने किया उद्घाटन!

SHARE:

रिपोर्ट- बिकास कुमार

सहरसा :- कोसी लोक मंच सहरसा द्वारा बाल श्रम उन्मूलन के लिए एक सशक्त जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्घाटन जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने किया। उन्होंने बाल श्रम का समर्थन न करने और “बाल मजदूरी मुक्त भारत” अभियान में सक्रिय सहयोग देने हेतु एक शपथ पत्र भरकर इस पहल की शुरुआत की। इस अवसर पर समाहरणालय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला बाल संरक्षण इकाई, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, डीपीओ-आईसीडीएस कार्यालय, महिषी, सत्तर कटैया एवं सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड मुख्यालयों में कार्यरत सभी कर्मियों को भी बाल श्रम के विरुद्ध शपथ दिलाई गई और शपथ पत्र भरवाए गए। यह अभियान बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध जनमानस को जागरूक करने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रहा है।

बाल विवाह रोकथाम हेतु कार्यशाला आयोजित

महिषी स्थित आईसीडीएस कार्यालय में बाल विवाह रोकथाम के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें लेडी सुपरवाइजर (एलएस) एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं की भागीदारी रही। इस अवसर पर एक सेक्टर बैठक आयोजित कर बाल विवाह की समस्या पर गहन मंथन किया गया।बैठक में निर्णय लिया गया कि विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। सेविकाओं को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपी गईं, और सभी ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

Join us on:

Leave a Comment