रिपोर्ट – मो. मुर्शिद!
अररिया —-
रेड क्रॉस सोसाइटी अररिया में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, मानद सचिव प्रहलाद शरण वर्मा ने किया झंडोत्तोलन
अररिया,
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी, अररिया परिसर में राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव प्रहलाद शरण वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज का झंडोत्तोलन किया। झंडोत्तोलन के उपरांत उपस्थित सदस्यों एवं लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मानद सचिव प्रहलाद शरण वर्मा ने रेड क्रॉस के गौरवपूर्ण इतिहास, मानव सेवा के उद्देश्य तथा समाज के प्रति इसकी जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस का मूल उद्देश्य मानवता की सेवा करना है और आपदा, दुर्घटना, स्वास्थ्य संकट एवं जरूरत के समय लोगों तक सहायता पहुंचाना इसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि अररिया जिले में रेड क्रॉस की गतिविधियों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। इसके लिए स्वास्थ्य सेवा, रक्तदान, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, जरूरतमंदों की सहायता तथा सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि जनसहयोग और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी से रेड क्रॉस को जिले के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।
इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. एस. आर. झा, उपाध्यक्ष डॉ. आशिफ रशीद, द्वय उपाध्यक्ष विजय कुमार सिंह, संयुक्त सचिव सरवर आलम,कोषाध्यक्ष रामकमल चौधरी, वरीय सदस्य देबू सेन, डॉ. के. पी. सिंहा,डाॅ. नीरज राॅय, नीरज कुमार, सुमित कुमार सुमन, अशोक मिश्रा,डॉ. नवीन निराला, डॉ. आर. के. झा, डॉ. ऋषभ राज, रणजीत कुमार, अमर कुमार, संजीत कुमार, गौतम मुखर्जी, विश्वनाथ भगत, डॉ. कमलेश्वरी तिवारी, एडवोकेट अमर कुमार, विश्वनाथ प्रसाद, एवं अधिवक्ता अशोक यादव यादव सहित रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने मानव सेवा, सामाजिक सहयोग और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



