:- रवि शंकर अमित!
बाढ़ अनुमंडल के एनटीपीसी टाउनशिप परिसर में आज रात 8 बजे एनटीपीसी के समस्त कर्मचारियों और उनके परिजनों ने केरेडारी प्रोजेक्ट के डीजीएम कुमार गौरव की हत्या के विरोध में कैंडल मार्च निकाला। एनटीपीसी बाढ़ के सैकड़ो कर्मचारियों ने डीजीएम कुमार गौरव के चित्र पर पुष्प माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।श्रद्धांजलि सभा का आयोजन एनईएबी एसोसिएशन और यूनियन ने किया था। कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारीगण ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सभी कर्मचारियों और उनके परिजनों ने कैंपस परिसर में कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च में काफी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने भी हिस्सा लिया। वी वांट जस्टिस का बैनर हाथों में लेकर कर्मचारियों ने कैंपस परिसर का चक्कर लगाया। कैंडल मार्च ओजस नगर के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से लेकर नगर के गेट तक निकाला गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारीगण और उनके परिवार के सदस्यगण शामिल हुए और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। एनटीपीसी के सभी कर्मचारी डीजीएम कुमार गौरव की हत्या को लेकर सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। इस घटना से एनटीपीसी कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर कर्मचारी पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठा रहे हैं। सभी लोगों ने दिवंगत अधिकारी की पत्नी को नौकरी, मुआवजे में वृद्धि और दोषियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की मांग की। एनटीपीसी बाढ़ केरेडारी प्रोजेक्ट के डीजीएम कुमार गौरव की अज्ञात हमलावरों ने बीते शनिवार को हजारीबाग में हत्या कर दी थी।
बाइट विजय कुमार, प्रेसिडेंट, एनटीपीसी एग्जीक्यूटिव एसोसिएशन




