रिपोर्ट – अमित कुमार!
गया में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए गया को मेट्रो सिटी बनाने से क्षेत्र के चहुमुखी विकास की बात कही है।
खबर:
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अपने गृह नगर गया के गोदावरी मोहल्ला स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी मांगों को गंभीरता से लिया और गया के विकास के लिए कई बड़ी योजनाओं को मंजूरी दी।
उन्होंने कहा, “हमने प्रधानमंत्री को कहा कि हमारी कड़ाही खाली है। उन्होंने हमारी कड़ाही को भर दिया।” मांझी ने बताया कि गया में कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है, जो शहर की सूरत बदल देगा। इसके साथ ही अमृतसर-कोलकाता सड़क मार्ग और गया से दरभंगा तक सड़क निर्माण कार्य भी तेजी से हो रहा है।
मंत्री ने बताया कि गया को इंडस्ट्रियल एरिया के रूप में घोषित कर दिया गया है, जिससे रोजगार और व्यापार की नई संभावनाएं खुलेंगी। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि जल्द ही गया में मेट्रो रेल परियोजना का काम शुरू होगा, जिसके बाद गया को मेट्रो सिटी के रूप में पहचाना जाएगा।
फल्गु नदी की चर्चा करते हुए मांझी ने कहा कि सोन नदी का पानी फल्गु में लाने की योजना बनाई गई है। इससे नदी में सालभर पानी रहेगा और आसपास की भूमि सिंचित होगी, जिससे किसानों को काफी लाभ होगा।
केंद्रीय मंत्री ने इन सभी योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
बाइट:
“प्रधानमंत्री ने हमारी कड़ाही को भर दिया। गया के विकास के लिए बड़े कदम उठाए जा रहे हैं, और जल्द ही यह शहर मेट्रो सिटी के रूप में पहचाना जाएगा।”
– जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री




