रिपोर्ट – अमित कुमार!
राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी वर्मा रोड स्थित पिस्ता हाउस और पाइरेट्स ऑफ ग्रिल सहित कई प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पिस्ता हाउस में 58.5 किलोग्राम ड्राइड फ्रूट्स और अन्य खाद्य सामग्री जब्त की गई, वहीं एक्सपायरी मसाले नष्ट किए गए।
सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर 10 अक्टूबर को हुई कार्रवाई में पिस्ता हाउस से 15 किलो ड्राइड चेरी, 42 किलो ड्राइड पाइनएप्पल, 32 किलो ड्राइड जिंजर और 7.5 किलो लाजवाब डेट्स पेस्ट जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत 56,400 रुपये बताई गई है। यहां डेट्स पेस्ट पर गलत ब्रांडिंग और आयातित सामानों पर जरूरी विवरण नहीं होने की गड़बड़ी भी मिली। इसके अलावा 66 पैकेट एमडीएच तंदूरी मसाला और 51 पैकेट एमडीएच गरम मसाला एक्सपायरी पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट किया गया।
निरीक्षण के दौरान पिस्ता हाउस में वेज-नॉनवेज एक साथ रखने, फ्रीजर में रोशनी की कमी, कीट नियंत्रण और कर्मचारियों के हेल्थ सर्टिफिकेट नहीं होने जैसी खामियां भी मिलीं। वहीं पाइरेट्स ऑफ ग्रिल में 5 किलो लाल मिर्च पाउडर, 5 किलो धनिया पाउडर और सोंठ पाउडर के 3 पैकेट जब्त किए गए। यहां भी वेज-नॉनवेज एक साथ रखा मिला और ड्रेनेज में पानी जमा था। बिल पर FSSAI लाइसेंस नंबर भी नहीं लिखा था।
हालांकि पाइरेट्स ऑफ ग्रिल को ऑटो-इंस्पेक्शन रिपोर्ट में 116 में से 112 अंक यानी 97% मिले हैं और इसे कंप्लायंस कैटेगरी में रखा गया है, लेकिन सुधार नोटिस जारी करने की अनुशंसा की गई है। इसके अलावा बर्गर सिंह हाउस से सॉस और मेयोनेज के सैंपल लिए गए। कुल मिलाकर पनीर, मसाले, बादाम, किशमिश और सॉस सहित कई सैंपल जांच के लिए संयुक्त खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।



