रिपोर्ट -पुरूषोतम कुमार
–जमुई नरियाना पुल के पास तेज रफ्तार तीन बाइक एक साथ हुई दुर्घटनाग्रस्त,दो युवक की हुई मौत, तीन युवक की हालत गंभीर
जमुई ख़ैरा- सोनो मुख्य मार्ग पर नारियाना पुल के पास रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि करीब 2:00 बजे तेज रफ्तार तीन बाइक डिवाइडर से टकरा कर एक साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में पांच युवक बुरी तरह घायल हो गया। सूचना के बाद खैरा थाना की गश्ती वाहन मौके पर पहुंची और सभी युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया ,जहां जांच के दौरान सदर अस्पताल में उपाधीक्षक डॉक्टर सैयद नौशाद अहमद ने दो युवकों को मृत्य घोषित कर दिया, जबकि तीन युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।मृतक युवकों की पहचान ख़ैरा थाना क्षेत्र के नवडीहा गांव निवासी प्रद्युम्न सिंह उर्फ पप्पू सिंह के पुत्र गौरव कुमार सिंह और अजय कुमार सिंह उर्फ गंगा सिंह के पुत्र कुमार उज्ज्वल सिंह उर्फ रौनक कुमार सिंह के रूप में हुई है। जबकि घायलों में ख़ैरा थाना क्षेत्र के केन्डीह निवासी त्रिपुरारी महाराज के पुत्र शिवम कुमार, ख़ैरा निवासी सुभाष पांडेय के पुत्र सुजय पांडेय और भंडरा निवासी मुन्ना पांडेय के पुत्र अंशु पांडेय शामिल हैं। बताया जाता है कि कुमार उज्जवल सिंह उर्फ रौनक कुमार सिंह का जन्मदिन था जिसको लेकर सभी साथी खैरा में जन्मदिन मनाए थे।जन्मदिन मनाने के बाद खैरा से अलग-अलग पांच बाइक पर सवार होकर सभी साथी नरियाना की ओर जा रहे थे, लेकिन बाइक की रफ्तार काफी तेज थी जिस वजह से पहले एक बाइक नरियाना पुल के पास डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उसके बाद फिर दूसरी और तीसरी बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में गौरव कुमार सिंह और कुमार उज्जवल सिंह उर्फ रौनक कुमार सिंह की मौत हो गई, जबकि शिवम कुमार, सुजय पांडे और अंशु पांडे बुरी तरह घायल हो गया। फिलहाल घायलों में दो युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है। वही एक साथ दो युवकों की मौत के बाद पूरे परिवार के साथ-साथ गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।परिजन का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है।




