रिपोर्ट- मनोज कुमार
जिले के लोगों का पुलिस से भरोसा समाप्त हो गया है। अपराध व अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। बदमाश लगातार पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। इसी क्रम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महिला को दिन दहाड़े चाकू घोंपा गया है। हमले के बाद महिला घायल होकर वहीं पर गिर पड़ी।
घटना जिले के रजौली अनुमंडल मुख्यालय क्षेत्र के नगर पंचायत की है। पीड़ित महिला नगर पंचायत क्षेत्र के टकुआटांड़ स्थित वार्ड नंबर 3 की रहने वाली है।
महिला को चाकू घोंपा, हालत नाजुक: – अचानक से हुए जानलेवा हमले के बाद महिला के साथ जा रही एक अन्य महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगी। जिसके बाद आसपास के लोगों को आते देख बदमाश घटनास्थल से भाग निकला। स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला को इलाज के लिए रजौली अनुमंडलीय अस्पताल लाया गयाजहां ड्यूटी में तैनात डॉ. सतीश चंद्र ने प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए नवादा रेफर कर दिया।
गर्दन और पीठ पर चाकू से हमला: -डॉक्टरों ने बताया कि महिला के शरीर पर चाकुओं से एक के बाद एक कई वार किए गए हैं जिससे महिला के गर्दन और पीठ के आसपास के जख्म का निशान हैं। महिला के शरीर से रक्त का स्राव अत्यधिक होने के कारण महिला की हालत नाजुक बनी हुई है जिसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बोली पीड़िता:- महिला ने बताया कि चाकू से हमला करने वाला बदमाश कादिरगंज के पचम्बा निवासी शिवपूजन कुमार है। घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता अभी तक नहीं चल सका है। सूचना के बाद एसआई दशरथ चौधरी ने अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से घटना की जानकारी ली।
“घायल महिला की पहचान नगर पंचायत के विनोवानगर निवासी अनिता देवी के रूप में की गई है। घायल महिला जीविका से जुड़ी है और वर्तमान में कम्युनिटी मोबलाइजर यानी सीएम के पद पर कार्यरत है। आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.”- राजेश कुमार, थानाध्यक्ष, रजौली , नवादा:




