रिपोर्ट : राजीवरंजन।
मधेपुरा में एक बार फिर अपराधियों ने कहर बरपाया है। बेखौफ हथियारबंद अपराधियों ने मधेपुरा के मुरलीगंज में राजद नेता को गोली मार दी और हथियार लहराते हुए फरार हो गये। जख्मी की पहचान मुरलीगंज के डुमरिया कोल्हायपट्टी निवासी गजेंद्र यादव के पुत्र प्रदीप यादव के रूप में हुई है। जख्मी प्रदीप यादव युवा राजद के जिला सचिव हैं। घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार प्रदीप यादव शनिवार की शाम मुरलीगंज बाजार से दवा लेकर घर जा रहे थे। रास्ते में डुमरिया नहर के समीप सामने से आ रहे पल्सर बाइक सवार 3 बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी और हथियार लहराते हुए भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर आस पास के लोग वहाँ पहुँचे और जख्मी के परिजनों को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुँचे परिजनों ने जख्मी को जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज मधेपुरा में भर्ती करवाया जहाँ उनका ईलाज चल रहा है। गोली जख्मी के दाहिने हाथ में लगते हुए पेट को छूते हुए निकल गयी है। फिल्हाल जख्मी को खतरे से बाहर बताया जा रहा है। वही घटना की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना की पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुँच जख्मी से मामले की जानकारी लेते हुए जाँच में जुट गयी है। मामले को लेकर मधेपुरा एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि अज्ञात अपराधियों द्वारा मुरलीगंज से घर जाने के दौरान प्रदीप यादव को गोली मारी गई है जिनका ईलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस मामले की हर बिंदु के छानबीन में जुट गयी है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। हालांकि घटना को लेकर मधेपुरा राजद युवा प्रकोष्ठ के जिला प्रधान महासचिव संजीव कुमार, राजद नेता राजीव राजा ने घटना की निंदा करते हुए बताया कि सोमवार को पुलिस अधीक्षक से मिलकर इस घटना की उचित जाँच की मांग करेंगे।
बाईट : प्रदीप यादव, जख्मी
बाईट : संजीव कुमार, प्रधान महासचिव, युवा राजद
बाईट : राजीव राजा, युवा राजद नेता




