रिपोर्ट- शशिकांत मिश्रा!
लखीसराय जिले के टाउन थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार धर्मरायचक वार्ड संख्या छह में मंगलवार को बदमाश ने तीन माह की मासूम को मां की गोद में गोली मार कर जख्मी कर दिया। गोली से घायल मासूम को पहले इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया है। चिकित्सक के अनुसार गोली नवजात के सिर के ऊपरी भाग को छूते हुए निकल गई। लेकिन महज तीन माह की मासूम होने के कारण स्थिति गंभीर है। गोली का बारूद लगने से पीड़ित की मां का हाथ भी बुरी तरह जख्मी है।
पीड़ित परिजनों के अनुसार धर्मरायचक निवासी अवध कुमार की 25 वर्षीय पत्नी निभा देवी तीन माह की नवजात बच्ची को गोद में लेकर घर के आगे बैठी थी। तभी बदमाश ने निभा देवी को निशाना बनाकर गोली चलायी जो उनकी बांह को छूते हुए गोद में रही मासूम के सिर में लग गई। दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में बच्ची सहित मां को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया था।
पीड़ित परिजन ने बताया कि लगभग एक साल पहले भी आरोपी ने उनकी बड़ी बेटी को उत्पाद थाना से दूध देकर लौटने के दौरान गोली मारकर जख्मी कर दिया था। मामले में टाउन थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पीड़ित और आरोपी के बीच पुराना विवाद है। पहले भी इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस बदमाश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पीड़ित के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जाता है कि अशोक साव और अवध यादव के बीच पूर्व से ही विवाद चला आ रहा है। पूर्व में भी अशोक साव और अन्य लोगों द्वारा अवध यादव के घर की एक बच्ची को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। बताया जाता है कि कल से ही अवध यादव और अशोक साव के बीच विवाद चल रहा था। इसको लेकर आज अशोक साव हथियार लेकर आया और महिला पर फायर कर दिया। इसी दौरान नवजात के सिर में गोली लग गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों के बीच पूर्व से ही विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष से पहले भी मामला दर्ज हुआ है। इसमें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। घटना के बाद पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है।




