बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर चलती ट्रक में पीछे से टकराई कार, एक की मौत, दो गंभीर!

SHARE:

रिपोर्ट – रवि शंकर शर्मा /गोविन्द कुमार!

बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर मध्यरात्रि भीषण सड़क हादसा में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना बाढ़ अनुमंडल के मोकामा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहारी बीघा टोल प्लाजा से करीब चार से पांच किलोमीटर आगे हुई।

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों लोग पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन से टूर एंड ट्रैवल्स के जरिए मारुति सेलेरियो कार बुक कर कटिहार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आगे चल रहे एक ट्रक में कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सवार तीनों लोग बुरी तरह घायल हो गए। लेकिन जबतक मदद के लिए लोग पहुंचते एक ब्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में मृतक की पहचान डेहरी ऑन सोन निवासी मनीकांत कुमार (41 वर्ष) के रूप में हुई है, जिनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल की पहचान पटना के गायघाट निवासी अनूप कुमार (25 वर्ष) और डेहरी ऑन सोन निवासी अभिषेक सहाय (41 वर्ष) के तौर पर हुई हैं। बताया जा रहा है कि अनूप कुमार कार चला रहे थे और इसी दौरान गाड़ी आगे जा रहे ट्रक से जा टकराई।

हादसे के बाद राहगीर और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। वहीं मृतक को पोस्टमार्टम हेतू अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया है जहां परिजनों के आने पर शव सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Join us on: