रिपोर्ट – अमित कुमार
बिहार की राजधानी पटना में पीएम मोदी का रोड शो
पटना
बिहार की राजधानी पटना में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक रोड शो होना है। लेकिन आखिरी समय में इसके रूट में बदलाव किया गया है…
पहली बार बिहार की धरती पर देश के प्रधानमंत्री द्वारा किया जा रहा यह ऐतिहासिक रोड शो शाम 5 बजे शुरू होगा।
बता दें कि आखिरी समय में सुरक्षा कारणों से रोड शो के रूट में बदलाव किया गया है। अब प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो डाक बंगला चौराहा की बजाय भट्टाचार्य मोड़ से शुरू होगा और गांधी मैदान स्थित उद्योग भवन पर समाप्त होगा। करीब 3.5 किलोमीटर लंबे इस रोड शो के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री सबसे पहले डाक बंगला पहुंचेंगे, फिर वहां से कार से भट्टाचार्य मोड़ तक जाएंगे। वहीं से वह खुली जीप पर सवार होकर रोड शो शुरू करेंगे। पूरे रास्ते में गुलाब और गेंदे की पंखुडिय़ों से उनका स्वागत किया जाएगा।
सुरक्षा के मद्देनजर रोड शो वाले रूट पर बैरिकेडिंग की गई है। बांस के बैरिकेड के आगे लोहे के पाइप लगाए गए हैं। शाम 3:30 बजे के बाद कई प्रमुख सड़कों को आम लोगों के लिए बंद कर दिया जाएगा। वहीं पीएम के रोड शो के दौरान अग्निशमन, एंबुलेंस, मरीजों के वाहन, शव वाहन आदि को छूट मिलेगी।
रात के समय रात्रि विश्राम के लिए पीएम राजभवन जाएंगे, जहां उनके लिए मूंग दाल की खिचड़ी का भोजन की व्यवस्था की गई है। अगले दिन सुबह पीएम मोदी नींबू पानी पीकर योगा करेंगे और दलिया का सेवन करेंगे। इसके बाद वो पटना साहिब गुरुद्वारा जाएंगे।
उसके बाद प्रधानमंत्री हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और सारण में चुनावी रैलियां करेंगे। इस रोड शो के दौरान पीएम जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे और लोकसभा चुनाव में एनडीए के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान का आह्वान भी करेंगे।
यह रोड शो भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए भी बेहद खास है, क्योंकि इसमें पटना साहिब और पाटलिपुत्र के भाजपा प्रत्याशियों के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
बता दें कि इस लोकसभा चुनाव में तीसरे चरण की वोटिंग के बाद पीएम मोदी के इस रोड शो को जानकारी द्वारा गेम चेंजर मूव बताया जा रहा है। इसी को देखते हुए पटना रोड शो को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की गई है। सभी बड़े इंतजाम किए गए हैं। अब देखना होगा कि कैसे यह रोड शो भाजपा को चुनावी लाभ पहुंचाने में कामयाब होता है।
हम आपको इस ऐतिहासिक रोड शो से जुड़ी सभी बड़ी अपडेट लगातार देते रहेंगे। …




