अपराध नियंत्रण विधेयक पास होने से बिहार में खत्म हो जाएगा माफिया राज – सम्राट चौधरी!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

नया कानून लागू होने के बाद बिहार से खत्म होगा माफिया राज- सम्राट

*बालू माफिया हों या शराब माफिया या फिर जमीन माफिया या महिलाओं पर अत्याचार करने वाले, सभी की कसेगी नकेल

पटना, 29-02-2024

बिहार अपराध नियंत्रण विधेयक 2024 के विधानसभा से पास होने के बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बालू माफिया हों या शराब माफिया या फिर जमीन माफिया या महिलाओं पर अत्याचार करने वाले, इस कानून के लागू होने के बाद बिहार से माफिया राज खत्म हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि विधानमंडल से इस बिल के पास होने के बाद उसे मंजूरी के लिए राज्यपाल के पास भेजा जाएगा और राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद बिहार में अपराध नियंत्रण को लेकर नया कानून लागू हो जाएगा।

श्री चौधरी ने कहा कि यह कानून बदलते समय और अपराध की बदलती प्रवृति पर प्रभावी नियंत्रण में कारगर साबित होगा। अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए राज्य के वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, महत्वपूर्ण स्थानों, रेलवे परिसर, बस स्टैंड, खेल मैदान, सार्वजनिक संस्था, बैंक परिसर आदि जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम भी बड़े पैमाने पर होगा। इससे अपराध और आतंक विरोधी कार्रवाई में मदद मिलेगी। 30 दिनों तक सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का प्रावधान भी किया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बदलती स्थिति को देखते हुए, जनमानस के अनुरूप नया अधिनियम को तैयार किया है। सभी तरह के माफियाओं पर इस कानून के जरिए प्रभावी नियंत्रण सम्भव हो सकेगा।

Join us on:

Leave a Comment