अनिल शर्मा की रिपोर्ट:

मां- पिता को बाइक पर बैठाकर अपनी रूठी पत्नी को मनाने के लिए जा रहा था ससुराल!
नवादा। नवादा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एनएच 31 पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अयोध्या धाम मंदिर के पास एक टैंक लोरी ने बाइक सवार को रौंद दिया, जिससे घटनास्थल पर ही पिता- पुत्र की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया तथा दुर्घटनाग्रस्त टैंकलोरी को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बुधौल बेलदरिया निवासी जयराम चौहान उर्फ भुटन चौहान अपने मां कैला देवी तथा पिता दिनेश चौहान को बाइक पर बैठाकर रूठी पत्नी को मनाने के लिए अपना ससुराल मोतनाज़े गांव जा रहा था, तभी रास्ते में एनएच 31 पर अयोध्या धाम मंदिर के निकट विपरीत दिशा से तेज गति आ रही टैंकलोरी ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया, जिससे बाइक पर सवार पिता- पुत्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार मां बुरी तरह से जख्मी हो गई। आसपास के लोगों द्वारा जख्मी मां को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया तथा पूरे गांव में मातम का माहौल कायम हो गया।




