रिपोर्ट -पुरूषोतम कुमार
सिकंदरा जमुई मुख्य मार्ग धधौर गांव के समीप शनिवार की दोपहर एसआईएस प्रोसेगुर कैश वाहन की ठोकर से रिश्तेदारी के लिए बाली गांव जा रहे बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल को सिकंदरा थाना के अवर निरीक्षक क्षैबर राम के द्वारा अपने गश्ती वाहन से सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक बरहट थाना क्षेत्र के गुगुलडीह गांव निवासी प्रदीप तांती पिता विदेशी तांती अपने चाचा वीरेंद्र तांती पिता स्वर्गीय वाले तांती के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी के लिए सिकंदरा थाना क्षेत्र के बाली गांव जा रहे थे। इसी क्रम में धधौर गांव के समीप सिकंदरा से जमुई की ओर जा रहे एसआईएस प्रोसेगुर कैश वाहन का टायर फटने से अनियंत्रित होकर बाइक में ठोकर मार दिया। जिसमें बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। महादेव सिमरिया बाजार में कैश वाहन को पुलिस के द्वारा पकड़ लिया गया। वही दोनों घायल को पुलिस वाहन से सिकंदरा अस्पताल लाया गया। वही गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों घायल को चिकित्सकों ने जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया।




