प्रभाकर राज

साहब इसे जेल भेज दो मैं अब तंग आ चुकी हूं: पत्नी
पूर्णिया। बिहार में शराबबंदी सरकार ने की लेकिन उसका कोई व्यापक असर नहीं दिखाई दे रहा है. लोग अभी भी जम कर शराब पी रहे हैं. परिजनों के साथ मारपीट व गाली-गलौज करते हुए दिखाई दे रहे हैं जिससे परिजन और उनकी पत्नियां परेशान हो चुकी हैं। और बिहार सरकार के मुखिया नीतीश कुमार कहते फिर रहे हैं कि बिहार में शराबबंदी के बाद महिलाओं में खुशी देखी जा रही है। पूर्णिया जिले में बुधवार को एक मामला उस वक्त उभर कर सामने आया जब पत्नी अपने शराबी पति को पकड़कर एसपी कार्यालय पहुंच गई और मारपीट व गाली-गलौज का आरोप लगाया।पूरा मामला पूर्णिया जिले के बेगमपुर जलालगढ़ का है।

बेगमपुर जलालगढ़ गांव की महिला रूबेदा खातून ने अपने शराबी पति मोहम्मद रईस अंसारी के व्यवहार से तंग आकर खुद ही पड़ोसियों की मदद से उसे पूर्णिया एसपी कार्यालय लाकर एसपी साहब से जेल भेजने की गुहार लगाई। रूबेदा खातून ने बताया कि उसका पति रईस अंसारी हमेशा झगड़ा करता है और बुरी तरह से मारपीट करता है। शराब पीने की बुरी लत ने उसके परिवार को बर्बाद कर डाला पर उसने अपनी आदत नहीं बदली। बार-बार झगड़ा व कलह से अजिज पत्नी ने कई बार उसे समझाया लेकिन उस पर कोई असर नहीं पड़ा। उन्हौंने बताया कि पति घर की जिम्मेवारी से हमेशा मुहँ फेरे रहते हैं। ऐसे में घर-परिवार कैसे चलेगा, इसकी चिंता उन्हें नहीं रहती। घर में जवान बेटियां हैं, उनके भविष्य के बारे में आखिर कौन सोचेगा? अपनी पूरी कमाई शराब में लगा देते हैं ।अगर ऐसा ही होता रहा तो हमारे बच्चों का क्या होगा? वहीं शराबी रईस अंसारी ने बताया कि वह विगत 10 वर्षों से शराब का सेवन करते आ रहा है। अगर अब शराब का सेवन नही करें तो मर जाएंगे। उन्हौंने बताया कि शराबबंदी के बावजूद जलालगढ़ में शराब की खरीद बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है।




