लखीसराय गोलीकांड में दो भाइयों के बाद अब तीसरी मौत, पढ़ें इनसाइड स्टोरी!

SHARE:

रिपोर्ट – शशिकांत मिश्रा

लखीसराय गोलीकांड में दो भाइयों के बाद अब तीसरी मौत हो गई है। आरोपी की पत्नी और दोनों मृतकों की बहन दुर्गा झा की सोमवार रात साढ़े 11 बजे पटना में मौत हो गई। पीएमसीएच में पोस्टमॉर्टम कराया गया।

वहीं, दूसरी तरफ पुलिस को हत्या के आरोपी आशीष कुमार उर्फ छोटू की 14 पन्ने की डायरी मिली है। इसमें उसने लिखा है कि जोरू के लिए हमने जमीन और घर भी बेच दिया, लेकिन जोरू बेवफा निकल गई।

इसके बाद वह घटना को अंजाम देने के लिए निकल पड़ा। डायरी के मुताबिक युवक ने आत्महत्या का भी प्रयास किया, लेकिन गोली मिस फायर हो गई। पुलिस को मिस फायर गोली भी मिली है। एसपी ने इसकी पुष्टि की है।

20 मिनट तक तांडव मचाता रहा

छठ महापर्व के आखिरी दिन 20 नवंबर को परिवार के छह लोगों पर गोलीबारी हुई थी। आरोपी ने 20 मिनट तक तांडव मचाया और लोग देखते रहे। यह घटना कवैया थाना के पंजाबी मोहल्ले में सोमवार की सुबह करीब 7.45 बजे की है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक भागकर बायपास रोड पर चला गया, जहां से अनजान शख्स की बाइक पर सवार होकर फरार हो गया।

आशीष कुमार उर्फ छोटू पहले से ही घात लगाए बैठा था। उसके हाथ में 762 बोर का पिस्टल था, जिसमें 13 गोली थी। छठ घाट से घर के पास आते ही उसने गोलीबारी शुरू कर दी। पहले उसने पत्नी दुर्गा झा को गोली मारी। उसके बाद दुर्गा के दो भाइयों चंदन कुमार (42) और राजनंदन कुमार (40) पुत्र शशिभूषण झा को गोली मारी।

परिवार के अन्य दो सदस्यों की हालत नाजुक

शशि भूषण झा की बहू प्रीति झा के पेट से गोली निकाल कर गंभीर स्थिति में उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। प्रीति झा की स्थिति अभी भी गंभीर बताई जा रही है। शशि भूषण झा की स्थिति में सुधार है। वहीं, दूसरी बहू लवली झा के शरीर से गोली निकाल ली गई है। स्थिति में सुधार बताई जा रही है।

2022 से ही पति-पत्नी अलग रह रहे थे

एसपी पंकज कुमार ने बताया कि दुर्गा झा का आशीष कुमार के साथ पांच सालों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दुर्गा ने परिवारवालों की सहमति के बगैर आशीष से शादी कर ली। 2022 में दुर्गा को नौकरी मिली। नौकरी मिलने के बाद वह पटना में रहने लगी। जून 2022 से दोनों अलग रह रहे थे।

दोनों हाथ में पिस्तौल थी, सबसे पहले मेरी बेटी को मारा

सुबह के 7:45 बजे होंगे। हम लोग अपने परिवार के साथ किऊल नदी से छठ का अर्घ्य देकर घर लौट रहे थे। घर के पास पहुंचने ही वाले थे कि आशीष कुमार उर्फ छोटू दोनों हाथों में पिस्तौल लेकर आया। उसने पहले मेरी बेटी को गोली मारी। शशिभूषण झा दुर्गा झा के पिता

अशोक धाम से निकलने के बाद हत्या के मौके तलाशने लगा

अशोक धाम से निकलने के बाद आशीष हत्या के मौके तलाश रहा था और सोमवार सुबह वारदात को अंजाम दिया। सूत्रों की मानें तो घटना को अंजाम देने के पूर्व सनकी पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। हथियार भी उसने अपने साथी के पास से ही लिया था।घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक आशीष कुमार उर्फ छोटू पंजाबी मोहल्ला से भागकर बायपास रोड में चला गया, जहां से अनजान व्यक्ति की बाइक पर सवार होकर फरार हो गया।

छठ पर घर आई थी दुर्गा

स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्गा झा (22) और आशीष चौधरी (27) के बीच 5 साल से अफेयर था। करीब चार साल पहले दोनों ने भागकर शादी कर ली थी, लेकिन एक साल पहले दुर्गा झा वापस घर आ गई। इसके बाद से वो पटना में रह रही थी। अभी छठ के दो दिन पहले घर आई थी।बताया जा रहा है कि आशीष लगातार दुर्गा से साथ चलने को कह रहा था। दुर्गा जाने को तैयार नहीं थी। घटना का जांच करने पहुंचे लखीसराय एसपी पंकज कुमार ने कहा है कि लड़की अब बीते कुछ महीनों से दूसरे लड़के से बातें कर रही थी। यह आशीष को बर्दाश्त नहीं था।

Join us on:

Leave a Comment