रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
बासोपट्टी बाजार में चला प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमण हटाने को लेकर बड़ी कार्रवाई
मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड मुख्यालय मे वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को बासोपट्टी बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई अंचलाधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल एवं सशस्त्र सीमा बल (एस एस बी) के सहयोग से की गई। प्रशासन द्वारा प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। अभियान के दौरान कर्पूरी चौक, थाना चौक, पुराना स्टेट बैंक,मुख्य बाजार सड़क, बस स्टैंड के आसपास तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर बने अस्थायी दुकान, टीन-शेड, लकड़ी के खोखे एवं सड़क पर फैलाए गए सामान को हटाया गया। अंचलाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि बाजार क्षेत्र में लगातार जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी तथा आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन द्वारा बार बार चेतावनी और नोटिस दिए जाने के बावजूद भी अतिक्रमणकारियों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर यह कठोर कदम उठाया गया।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर थाना के एस आईं तरुण कुमार, हिरा पंडित,दंडाधिकारी एवं एसएसबी के जवान तैनात रहे। बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाते समय कुछ देर के लिए बाजार में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही, लेकिन प्रशासनिक सख्ती के बीच अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस बाबत अंचलाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क और सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




