कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
कैमूर। दीपावली को लेकर कैमूर जिले का भभुआ, मोहनिया, रामगढ़, नुवान, रामपुर, चैनपुर, चांद, दुर्गावती समेत कई जगह पर बाजार पूरी तरह से सजधज कर तैयार हो चुका है। इसके पहले धनतेरस की भी तैयारी जोर-शोर से चल रही है। इलेक्ट्रिक सामान, बर्तन, पटाखा, सजावटी सामान, सोना-चांदी, मिट्टी के दिए, मूर्ति, मिठाई, पूजा-पाठ के सामान से लेकर वाहनों का बाजार पूरी तरह से गर्म है। दीपावली को लेकर भभुआ और मोहनिया बाजार में कई सामान की अग्रिम बुकिग भी हो रही है। दीपावली को लेकर भभुआ और मोहनिया बाजार के चौक-चौराहों पर अस्थायी दुकानें भी सज रही हैं। बाजार में सजावटी बल्ब से लेकर रंग-बिरंगे कागज, बच्चों के लिए धरौंदे समेत अन्य सामान की बिक्री हो रही है।
बता दें कि दीपों का पर्व दीपावली कार्तिक मास की अमावस्या को मनाया जाता है। हिदू धर्म में ऐसी मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीराम माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ लंका पर विजय प्राप्त कर अयोध्या लौटे थे। उनके आने की खुशी में अयोध्यावासियों ने पूरे नगर में दीप जलाकर स्वागत किया था और खुशियां मनाई थी। इस दिन को भगवान श्रीराम के जीत की खुशी के रूप में भी मनाया जाता है।




