जहानाबाद- जनसंवाद कार्यक्रम में डीएम रिची पांडेय ने दी सरकारी योजनाओं की जानकारी!

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद ।

जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में आज रतनी फरीदपुर प्रखंड अंतर्गत नारायणपुर पंचायत में “जनसंवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नारायणपुर मुखिया नवीन कुमार के द्वारा जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं निदेशक डीआरडीए को पौधा देकर अभिवादन किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा सभा को संबोधित करते हुए जन संवाद कार्यक्रम के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी गई एवं उपस्थित ग्रामीणों से पंचायत में संचालित विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु फीडबैक देने की अपील की गई। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा नारायणपुर ग्रामवासियों को आज माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के कर कमलों से पंचायत सरकार भवन, नारायणपुर के निर्माण का वर्चुअल मोड से शिलान्यास होने की जानकारी भी साझा की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा लाभुकों से अपने अनुभवों को साझा करने का अनुरोध करते हुए, बताया गया कि उनके द्वारा दिए जाने वाले सुझावों और प्रतिक्रियाओं का दस्तावेजीकरण कर सामान्य प्रशासन विभाग को प्रेषित किया जाना है। इस क्रम में उनके द्वारा बताया गया कि यह जन संवाद कार्यक्रम एक पहल और प्रयास है कि पंचायत स्तर पर कार्यरत कर्मियों द्वारा आपसे समन्वय एवं निरंतर संवाद स्थापित किया जा सके।


उक्त जन-संवाद कार्यक्रम में बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाएँ यथा राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग, श्रम संसाधन विभाग, पंचायती राज विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, उर्जा विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण विभाग, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, उद्योग विभाग, परिवहन विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, पथ निर्माण विभाग,जीविका आदि विभागीय योजनाओं के संबंध में संबधित विभाग के जिला स्तरीय पदाधिकारीयों के द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों के काउंटर बनाए गए थे जिस पर ग्रामीणों को बारी-बारी से जानकारी दी जा रही थी। इस अवसर पर नारायण युवा कला जत्था टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन भी किया गया।
जन संवाद बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाएं यथा मुख्यमंत्री पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालक/बालिका साईकिल योजना, पंचायत स्तर पर उच्च माध्यमिक विद्यालय इत्यादि के बारे में विस्तार से बताया गया। जन संवाद कार्यक्रम में कुशल युवा कार्यक्रम, शताब्दी क्रमकार योजना की जानकारी दी गई। जन संवाद बैठक में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग एवं पंचायत राज विभाग द्वारा संचालित योजनाएं का ग्रामीणों के साथ संवाद कर हर घर नल का जल योजना के संचालन एवं इसके अनुरक्षण पर परिचर्चा किया गया। मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना की समस्याओं एवं सुझावों को सुना गया तथा समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री ग्रामीण स्ट्रीट लाईट योजना,घर तक पक्की गली-नालियॉ आदि की जानकारी दी गई। बताया गया कि वार्ड नंबर 1 से 4 में सोलर लाइट लगाने का कार्य प्रारंभ हो रहा है। इस क्रम में विद्युत विपत्र विसंगति के ऊपर भी परिचर्चा की गई एवं उसके निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सतत् जीविकोपार्जन योजना, ग्रामीण आवास योजना, मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय योजना, स्वच्छ गांव समृद्ध गांव, जल-जीवन-हरियाली अभियान के बारे में विस्तार से बताया गया तथा पंचायत में चल रही योजनाओं की जानकारी दी गई। सहकारिता विभाग द्वारा अधिप्राप्ति, मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना, पैक्सों का संचालन इत्यादि के बारे में जानकारी दिया गया तथा ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर जिला पदाधिकारी द्वारा
आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया। जन संवाद कार्यक्रम में कृषि विभाग द्वारा खाद्य एवं बीज वितरण, जलवायु अनुकूल खेती, फसल अवशेष प्रबंधन इत्यादि की जानाकरी दी गई। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग तथा पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा कल्याण विभाग द्वारा आवासीय विद्यालय योजना, छात्रावास खाद्यान्न/अनुदान योजना, मेधावृत्ति योजना (शिक्षा विभाग), सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजना की जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तीकरण छात्र योजना (संबल) इत्यादि योजनाओं की जानकारी दी गई, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र/ए.पी.एच.सी. में स्वास्थ्य सुविधाएँ एवं दवाईयों का वितरण, मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना इत्यादि स्वास्थ्य सुविधा के बारे में विस्तार से जानकारी दिया गया। ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा ग्रामीण टोला सम्पर्क निश्चय योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सम्पर्क योजना के बारे में बताया गया। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि रतनी फरीदपुर अंतर्गत 50 मार्गो की सूची मरम्मती के लिए विभाग को प्रेषित की गई है।
उद्योग विभाग द्वारा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, पी.एम.ई.जी.पी, पी.एम.एफ.एम.ई एवं बिहार स्टार्टअप नीति के बारे में बताया गया। परिवहन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के बारे में बताया गया। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग द्वारा मुर्गा, बकरी, मछली पालन इत्यादि हेतु अनुदान के बारे में जानकारी दी गई। अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा लोक शिकायत निवारण अधिनियम अंतर्गत आवेदन दर्ज करने, सुनवाई तथा परिवाद निष्पादन से संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा नये राशन कार्ड की स्थिति इत्यादि जानाकरी दी गई एवं राशन कार्ड बनाने के लिए आवेदन भी प्राप्त किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा जन संवाद कार्यक्रम में प्राप्त होने वाले आवेदनों/ सुझाव एवं समस्याओं का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी को दिया गया।
जन संवाद कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा गृह विभाग से संबंधित जानकारी दी गई तथा थानों की व्यवस्था (थाना मैनेजर, महिला हेल्पडेस्क) एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी गई।
अपर समाहर्त्ता सुधा गुप्ता द्वारा राजस्व विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। साथ ही थाना में प्रत्येक शनिवार को भूमि संबंधी विवादों का निपटारा कराने संबंधित जानकारी दी गयी एवं परिमार्जन तथा बकास्त भूमि के रैयतिकरण पर परिचर्चा किया गया। राजस्व से संबंधित किसी भी समस्या के लिए संबंधित अंचल अधिकारी/राजस्व पदाधिकारी से सम्पर्क करने का अपील किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा राजस्व पदाधिकारी को जन संवाद कार्यक्रम में प्राप्त भूमि संबंधित आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। आज के जन संवाद कार्यक्रम में सतत जीविकोपार्जन योजनांतर्गत 54 परिवारों को व्यापार विस्तार हेतु 08 लाख 64 हजार 900 सौ रुपए का चेक जिला पदाधिकारी के द्वारा दिया गया। इस क्रम में गुंजा देवी को आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत आच्छादित किया गया। साथ ही संजीव कुमार ,कमलेश कुमार दास,अंजू देवी,रूपा देवी,सुदेसर दास को लेबर कार्ड प्रदान किया गया।
उक्त जन-संवाद कार्यक्रम में आमलोगों से बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं से हो रहे लाभ के संबंध में फीडबैक लिया गया तथा उक्त योजनाओं के लाभ से वंचित योग्य व्यक्तियों/परिवारों से योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु अनुरोध किया गया एवं आवेदन प्राप्त किया गया। उक्त जन-संवाद कार्यक्रम में जिला पदधिकारी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित आमलोगों से राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक प्राप्त करने के साथ-साथ लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित लोगों को ग्राम पंचायत/प्रखंड/अनुमंडल/जिला स्तर पर संबंधित विभाग के पदाधिकारी से सम्पर्क स्थापित कर लाभ प्राप्त करने हेतु अनुरोध किया गया।
उक्त कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी के साथ-साथ अपर समाहर्ता,अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, अन्य सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी रतनी फरीदपुर तथा राजस्व पदाधिकारी रतनी फरीदपुर, पंचायत के मुखिया, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा आम जनता/ग्रामीण आदि उपस्थित थे।

Join us on:

Leave a Comment