पंकज कुमार जहानाबाद ।
जिला पदाधिकारीरिची पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक रंजन की संयुक्त अध्यक्षता में आज काको प्रखंड अंतर्गत उत्तर सेरथु पंचायत में “जनसंवाद बैठक” का विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उत्तर सेरथु मुखिया सरोज देवी के द्वारा जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदय को पौधा देकर स्वागत किया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा सभा को संबोधित करते हुए जन संवाद बैठक के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी गई एवं उपस्थित ग्रामीणों से फीडबैक देने की अपील की गई।
उक्त जन-संवाद कार्यक्रम में बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाएँ यथा राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग, श्रम संसाधन विभाग, पंचायती राज विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, उर्जा विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण विभाग, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, उद्योग विभाग, परिवहन विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, पथ निर्माण विभाग,जीविका आदि विभागीय योजनाओं के संबंध में संबधित विभाग के पदाधिकारीयों के द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई।
जन संवाद बैठक में सर्वप्रथम शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाएं यथा मुख्यमंत्री पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालक/बालिका साईकिल योजना, पंचायत स्तर पर उच्च माध्यमिक विद्यालय इत्यादि के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही ग्रामीणों द्वारा पंचायत स्तर पर अवस्थित विद्यालय की समस्याओं की जानकारी दी गई, जिसके लिए जिला पदाधिकारी द्वारा आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जन संवाद बैठक में श्रम अधीक्षक द्वारा कुशल युवा कार्यक्रम, शताब्दी क्रमकार योजना की जानकारी दी गई। जन संवाद बैठक में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग एवं पंचायत राज विभाग द्वारा संचालित योजनाएं का ग्रामीणों के साथ संवाद कर हर घर नल का जल योजना के संचालन एवं इसके अनुरक्षण पर परिचर्चा किया गया। कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना की समस्याओं को सुना गया तथा समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र, जहानाबाद के जिला प्रबंधक द्वारा बिहार स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वंय सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा योजना के बारे में जन-संवाद के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी मुख्यमंत्री ग्रामीण स्ट्रीट लाईट योजना,घर तक पक्की गली-नालियॉ आदि की जानकारी दी गई। साथ ही कार्यपालक अभियंता विद्युत द्वारा मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबद्ध योजना एवं पृथक् कृषि फीडर एवं हर घर तक बिजली योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सतत् जीविकोपार्जन योजना, ग्रामीण आवास योजना, मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय योजना, स्वच्छ गांव समृद्ध गांव, जल-जीवन-हरियाली अभियान के बारे में विस्तार से बताया गया तथा पंचायत में चल रही योजनाओं की जानकारी दी गई। बैठक में जल संसाधन विभाग एवं लघु जल संसाधन विभाग द्वारा हर खेत तक सिंचाई का पानी, सिंचाई सुविधाओं का विकास आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दिया गया। सहकारिता विभाग द्वारा अधिप्राप्ति, मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना, पैक्सों का संचालन इत्यादि के बारे में जानकारी दिया गया तथा ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर जिला पदाधिकारी द्वारा
आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया।
जन संवाद बैठक में कृषि विभाग द्वारा खाद्य एवं बीज वितरण, जलवायु अनुकूल खेती, फसल अवशेष प्रबंधन इत्यादि की जानाकरी दी गई। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं यथा मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावास खाद्यान्न/अनुदान योजना, मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना इत्यादि के बारे में बताया गया। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग तथा पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा कल्याण विभाग द्वारा आवासीय विद्यालय योजना, छात्रावास खाद्यान्न/अनुदान योजना, मेधावृत्ति योजना (शिक्षा विभाग), सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजना की जानकारी दी गई। बैठक में समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तीकरण छात्र योजना (संबल) इत्यादि योजनाओं की जानकारी दी गई, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र/ए.पी.एच.सी. में स्वास्थ्य सुविधाएँ एवं दवाईयों का वितरण, मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना इत्यादि स्वास्थ्य सुविधा के बारे में विस्तार से जानकारी दिया गया।
जन संवाद बैठक में लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा लोक सेवा का अधिकार तथा बिहार लोक शिकायत निवरण अधिकार अधिनियम के बारे में बताया गया। ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा ग्रामीण टोला सम्पर्क निश्चय योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सम्पर्क योजना के बारे में बताया गया। उद्योग विभाग द्वारा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना एवं बिहार स्टार्टअप नीति के बारे में बताया गया। परिवहन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के बारे में बताया गया। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग द्वारा मुर्गा, बकरी, मछली पालन इत्यादि हेतु अनुदान के बारे में जानकारी दी गई। बैठक में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा नये राशन कार्ड की स्थिति इत्यादि जानाकरी दी गई। इस अवसर पर प्रभारी पदाधिकारी जिला आपदा प्रबंधन शाखा द्वारा अनुग्रह अनुदान योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई एवं योजना का लाभ लेने हेतु सभी नियमों एवं दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी गई।

जन संवाद कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा गृह विभाग से संबंधित जानाकारी दी गई तथा थानों की व्यवस्था (थाना मैनेजर, महिला हेल्प डेस्क) तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी गई।
जन संवाद कार्यक्रम में अपर समाहर्त्ता सुधा गुप्ता द्वारा राजस्व विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। साथ ही थाना में प्रत्येक शनिवार को भूमि संबंधी विवादों का निपटारा कराने संबंधित जानकारी दी गयी। राजस्व से संबंधित किसी भी समस्या के लिए संबंधित अंचल अधिकारी से सम्पर्क करने का अपील किया गया।
उप विकास आयुक्त पारितोष कुमार ने बताया कि जन संवाद बैठक हेतु तीन प्रकार का रोस्टर तैयार किया गया है, जिसमें जिला स्तरीय रोस्टर में जिला स्तर के पदाधिकारी एवं कर्मी भाग लेंगे, अनुमंडल स्तरीय रोस्टर में अनुमंडल पदाधिकारी एवं कर्मी भाग लेंगे तथा प्रखंड स्तरीय रोस्टर में प्रखंड स्तर के पदाधिकारी एवं कर्मी भाग लेंगे। जन संवाद बैठक सभी प्रखंडों में दो-दो दिन किया जाना है, जिसमें काको प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन उत्तर सेरथु में आज जिला स्तरीय जनसंवाद की प्रथम बैठक का आयोजन किया गया तथा द्वितीय बैठक दिनांक 25 सितम्बर को पंचायत भवन नोनही में आयोजित किया जाएगा। उसी प्रकार मखदुमपुर प्रखंड में पंचायत सरकार भवन, कुमरडीह में प्रथम जिला स्तरीय जनसंवाद बैठक 27 सितम्बर को तथा द्वितीय बैठक पंचायत भवन, पुनहदा में 04 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा, जबकि जहानाबाद सदर प्रखंड में पंचायत भवन, सिकरिया में प्रथम जिला स्तरीय जनसंवाद बैठक 07 अक्टूवर को तथा द्वितीय बैठक पंचायत भवन, कल्पा में 11 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा, रतनी फरीदपुर प्रखंड में पंचायत भवन, नारायणपुर में प्रथम जिला स्तरीय जनसंवाद बैठक 12 अक्टूवर को तथा द्वितीय बैठक पंचायत सरकार भवन, झुनाठी में 14 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा, घोषी प्रखंड में पंचायत सरकार भवन, उबेर में प्रथम जिला स्तरीय जनसंवाद बैठक 16 अक्टूवर को तथा द्वितीय बैठक पंचायत भवन, शाहपुर में 18 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा, मोदनगंज प्रखंड में पंचायत सरकार भवन, साइस्ताबाद में प्रथम जिला स्तरीय जनसंवाद बैठक 19 अक्टूवर को तथा द्वितीय बैठक पंचायत सरकार भवन, मोदनगंज में 26 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा तथा हुलासगंज प्रखंड में पंचायत सरकार भवन, तिर्रा में प्रथम जिला स्तरीय जनसंवाद बैठक 28 अक्टूवर को तथा द्वितीय बैठक पंचायत सरकार भवन, सुरजपुर में 01 नवम्बर को आयोजित किया जाएगा
उक्त जन-संवाद बैठक में आमलोगों से बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं से हो रहे लाभ के संबंध में फीडबैक लिया गया तथा उक्त योजनाओं के लाभ से वंचित योग्य व्यक्तियों/परिवारों से योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु अनुरोध किया गया एवं आवेदन प्राप्त किया गया। उक्त जन-संवाद कार्यक्रम में जिला पदधिकारी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित आमलोगों से राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक प्राप्त करने के साथ-साथ लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित लोगों को ग्राम पंचायत/प्रखंड/अनुमंडल/जिला स्तर पर संबंधित विभाग के पदाधिकारी से सम्पर्क स्थापित कर लाभ प्राप्त करने हेतु अनुरोध किया गया। इस जन संवाद बैठक का धन्यवाद ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी काको द्वारा किया गया।
उक्त कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी के साथ-साथ पुलिस उपाधीक्षक,उप विकास आयुक्त,अपर समाहर्ता अनुमंडल पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, अन्य सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी काको तथा अंचलाधिकारी, काको, पंचायत के मुखिया, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा आम जनता/ग्रामीण आदि उपस्थित थे।





