रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!
जमीन पर पानी गिरने से शुरू हुआ विवाद शाम होते-होते बना खूनी संघर्ष, महिला समेत दो की गई जान, एक की हालत नाजुक
जिले पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में गुरुवार की सुबह भैंस नहलाने के दौरान सड़क पर गिरे पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद शाम तक खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल का इलाज पताही सीएचसी में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान 36 वर्षीय जमी अख्तर और 40 वर्षीय मदीना खातून के रूप में बताई गई है। वहीं जमी अख्तर के भसुर मही अख्तर घायल हैं।
सुबह पानी को लेकर हुआ था विवाद
मृतक की भाभी नगमा खातून के अनुसार, उनका परिवार डाकबाबू की जमीन पर बसे हुए हैं और उनके पास अपनी जमीन नहीं है। गुरुवार की सुबह जमी अख्तर सड़क पर भैंस नहला रहे थे। भैंस को नहलाने के दौरान पानी दूसरी तरफ जा रहा था, जिसको लेकर अनिल सिंह वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई।
स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और विवाद समाप्त करने के लिए पाइप लगाने की बात कही। पुलिस के जाने के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए।
शाम होते ही फिर बढ़ा विवाद, चाकूबाजी का आरोप
नगमा खातून ने बताया कि शाम में जब वह घास लेकर घर लौट रही थीं, तब उन्होंने अनिल सिंह को कई लोगों के साथ खड़ा देखा। पूछने पर अनिल सिंह ने सुबह की घटना का जिक्र करते हुए जमी अख्तर पर गला पकड़कर पटकने का आरोप लगाया। नगमा के मुताबिक उन्होंने कहा कि पहले विवाद की शुरुआत उनकी तरफ से हुई थी और वह घास लेकर घर की ओर चली गईं।
इसी दौरान अचानक शोर सुनाई दिया कि अनिल सिंह ने चाकू मार दिया है। परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो जमी अख्तर, मदीना खातून और मही अख्तर खून से लथपथ पड़े थे। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जमी अख्तर और मदीना खातून की मौत हो गई। वहीं मही अख्तर का इलाज जारी है।
घर का अकेला कमाने वाला था जमी अख्तर
जमी अख्तर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि जमी मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाता था। वह पलाई फैक्ट्री में काम कर अपने तीन बच्चों की पढ़ाई और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसकी मौत के बाद पत्नी और तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी और बच्चों की पढ़ाई की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
पांच बच्चों को पीछे छोड़ गई मदीना
वहीं मदीना खातून भी अपने पीछे पांच बच्चों को छोड़ गई हैं। बताया गया कि उनके पति पलाई फैक्ट्री में काम करते हैं, जबकि मदीना घर संभालने के साथ बच्चों की देखभाल और उनकी पढ़ाई की जिम्मेदारी निभाती थीं। अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है।
दो हिरासत में, अन्य की तलाश में छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही पकड़ीदयाल के प्रभारी डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।



