रिपोर्ट :- अमित कुमार!
टाइटल: पटना में विवाहिता की संदिग्ध मौत – पिता ने लगाया हत्या कर शव गायब करने का आरोप, ससुराल पक्ष बोला- गांधी सेतु से कूदी
राजधानी पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र से एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया है, तो वहीं ससुराल पक्ष इसे गांधी सेतु से कूदकर आत्महत्या बता रहा है।
मामला आलमगंज थाना क्षेत्र के चौलीटाल का है। मृतका की पहचान मेधा कुमारी के रूप में हुई है। मृतका के पिता सुरेश कुमार के अनुसार, उनकी बेटी की शादी 12 मई 2025 को आईडीएच कॉलोनी निवासी विमल साह के बेटे राहुल कुमार से हुई थी। शादी में 5 लाख नकद, जेवर और अन्य सामान दिए गए थे।
पिता का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति राहुल समेत ससुराल वाले 5 लाख रुपये और दहेज की मांग करने लगे। पिता ने कर्ज लेकर वो पैसा भी दिया, लेकिन प्रताड़ना जारी रही। 16 अक्टूबर को उन्हें सूचना दी गई कि मेधा ने गांधी सेतु के पाया नंबर 42 से कूदकर जान दे दी है।
जब मायके वाले ससुराल पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग दरवाजे पर बैठे मिले। पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को गायब कर दिया गया है। पूरे मामले को लेकर आलमगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।



