रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
नालंदा के युवा एयरोस्पेस इंजीनियर सुब्रत शांडिल्य ने कम लागत वाले स्वदेशी जेट इंजन और थ्री डी कार्गो ड्रोन विकसित करने की दिशा में पहल की है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान ही कुछ नया करने का संकल्प लेने वाले सुब्रत अब अपने स्टार्ट-अप शांडिल्य एयरोस्पेस के माध्यम से देश में किफायती और कॉम्पैक्ट जेट इंजन के निर्माण पर काम कर रहे हैं। सुब्रत करीब दो किलो न्यूटन श्रेणी के कॉम्पैक्ट जेट इंजन पर काम कर रहे हैं।सुब्रत के अनुसार, हर एयरोस्पेस मिशन या ड्रोन के लिए बेहद महंगे और लंबे समय तक चलने वाले इंजन की आवश्यकता नहीं होती। इसी सोच के साथ इंजन की डिजाइन और निर्माण प्रक्रिया को सरल एवं किफायती बनाने पर जोर दिया जा रहा है।इसके लिए शांडिल्य एयरोस्पेस आधुनिक मेटल 3D प्रिंटिंग तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। कंपनी का उद्देश्य कम लागत में स्वदेशी तकनीक विकसित कर ड्रोन और एयरोस्पेस क्षेत्र में देश की आत्मनिर्भरता को मजबूत करना है। यह विजन जमीन पर उतरता है तो बिहार के साथ-साथ पूरे देश के ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के लिए भी बड़ी कामयाबी होगी।



