रवि शंकर शर्मा –
सुंदरता जीवन जीने का एक पहलू है जिसकी सभी प्रशंसा और सराहना करते हैं। सौन्दर्य क्षेत्र एक पेशेवर के रूप में विकसित और समृद्ध होने के प्रचुर अवसर प्रदान कर रहा है। इस क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों में हेयर स्टाइलिस्ट, मसाज थेरेपिस्ट, नेल आर्टिस्ट, हेयर कलरिस्ट, मेकअप आर्टिस्ट, आदि शामिल हैं। ये सभी क्षेत्र लोगों को सौन्दर्य के क्षेत्र में कैरियर बनाने के लिए अछे अवसर प्रदान करते हैं। ये बातें नाबार्ड डीडीएम आनंद अतिरेक ने नाबार्ड की कौशल विकास योजना के अंतर्गत, कृषक विकास समिति संस्था द्वारा संचालित ब्यूटीशियन कोर्स पर प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन के दौरान कही। एलडीएम संजय सिंह ने प्रतिभागी महिलाओं को बताया कि ब्युटिशीयन कोर्स पर प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे मुद्रा लोन, पीएमईजीपी से लाभ उठा सकती हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई प्रयास कर रही है और इसलिए सरकार उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं लेकर आई है। कृषक विकास समिति के अध्यक्ष उमाशंकर प्रसाद ने प्रतिभागियों को सुझाव दिया कि उन्हें प्रशिक्षण के बाद अपने घर से ही छोटे पैमाने पर एक ब्यूटी पार्लर खोलना चाहिए और इस अवसर का उपयोग अपनी आजीविका में सुधार करने के लिए करना चाहिए। सभी महिला प्रतिभागियों को नाबार्ड की ओर से ब्यूटी-टूलकिट और प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया। ज्ञातव्य है कि यह कार्यक्रम प्रतिभागियों के लिए पूरी तरह से निःशुल्क था और इसका सारा खर्च नाबार्ड द्वारा वहन किया गया था।




