कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
शुक्रवार को जिला पदाधिकारी कैमूर सावन कुमार के द्वारा पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की गई और निम्नवत दिशा निर्देश दिया गया। बैठक में जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की प्रगति की समीक्षा की गई और सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को शीघ्र योजना को पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा विभागीय निर्देश के आलोक में नल जल योजना का हस्तांतरण पीएचइडी विभाग को शीघ्र करने हेतु निर्देशित किया गया। जिला पंचायती राज अधिकारी द्वारा बताया गया कि चालू योजनाओं को हस्तांतरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है और बंद एवं आंशिक चालू योजनाओं की मरम्मती का कार्य चल रहा है। मरम्मती कराने के उपरांत योजनाओं को हस्तांतरित कर दिया जाएगा। बैठक में जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा पंचायतों में विभिन्न मदों से लंबित योजनाओं का क्रियान्वयन संबंधित जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी उपस्थित थे।




