नवादा- जदयू नेता के घर बम और हथियार मिले, 4 गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

नवादा में बीती रात एसपी के नेतृत्व में छापेमारी

नवादा : बिहार के नवादा जिले में जदयू नेता मंजूर आलम को पुलिस ने भारी मात्रा में जिंदा बम और हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। जिले के नरहट गांव में बीती रात एसपी के नेतृत्व में जदयू नेता के घर पर छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने जिंदा बम, देशी कट्टा और 315 बोर की गोलियां बरामद की है। पुलिस ने मंजूर आलम के अलावा उसके बेटे और भतीजे को भी पुलिस ने पकड़ा है। हालांकि, पुलिस की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। नवादा के एसपी अम्बरीष राहुल ने कहा कि जिन चार लोगों को पकड़ा गया है, उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच प्रक्रिया के बाद ही बरामद हथियारों को लेकर खुलासा किया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार, गांव में जमीन को लेकर वर्चस्व की लड़ाई की बात सामने आई है। इसी उद्देश्य से असलहे जुटाए गए थे। रविवार की रात एसपी की मौजूदगी में जदयू नेता के घर पर छापेमारी हुई, जहां से कई बम, कारतूस व असलहे बरामद हुए हैं। हालांकि, नरहट थाना के थानाध्यक्ष इस मसले पर कुछ भी खुलकर बोलने से परहेज कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। रात में एसपी और उनके साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल की उपस्थिति में मंजूर आलम के घर छापेमारी शुरू हुई। सूत्र बता रहे हैं कि देर रात छापेमारी से पहले इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। स्थानीय लोगों को इस पूरी घटना की जानकारी सुबह में हुई।

Join us on:

Leave a Comment

और पढ़ें