भोजपुर के स्पेशल टीम ने बैंक लूट के असफल सभी आरोपियों को धर दबोचा, यूट्यूब से सीखा था लूटना!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय

बिहार के भोजपुर जिले में गत दिनों बैंक लूट की नाकाम कोशिश की घटना में शामिल चारों लुटेरों ने बैंक लूटने का तरीका यू ट्यूब से सीखा था. यू ट्यूब से लूट का तरीका और फिर फरार होने का तरीका सीखने के बाद गिरफ्तार लूटेरों ने एक बैंक लूट की घटना को बड़ी आसानी से अंजाम भी दे दिया था, लेकिन दूसरी लूट की कोशिश में वो नाकाम रहे, और आखिरकार घटना के महज 24 घंटे के भीतर उन्हें भोजपुर पुलिस ने धर दबोच लिया.

डिजिटल तरीके से लुटेरा बनने की चाहत में सारे लुटेरे धरे गए और अब पुलिस ने सभी को जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है. भोजपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने इनके पास से लूट में प्रयक्त पिस्टल और गोलियां भी बरामद की हैं. दरअसल दो दिन पहले 19 अप्रैल को शाहपुर के बिलौटी स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक में तीन की संख्या में लुटेरे बैंक लूटने पहुंचे थे. इस दौरान ऐन मौके पर ही उनके हथियार ने धोखा दे दिया था, जिसका फायदा उठाकर बैंक के गार्ड और मैनेजर ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए शोर मचाया और बैंक को लूटने से बचा लिया था,
गिरफ्तार आरोपियों में से तीन की तस्वीर बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसकी जांच के बाद पुलिस ने तीनों को दबोच लिया. पकड़े गए लुटेरो ने इस कांड में एक और साथी के भी शामिल होने की बात बताई जो बैंक के बाहर खड़ा था और लाइनर की भूमिका में था. इस बात की जानकारी देते हुए भोजपुर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने इसी साल जनवरी महीने में बड़हरा के बखोरापुर मंदिर परिसर में मौजूद बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में भी 31 हजार रुपये के लूट की घटना को अंजाम दिया था. उसके कुछ दिनों बाद ही चारों ने शाहपुर के बिलौटी स्थित ग्रामीण बैंक में धावा बोल दिया, लेकिन वो लूट में सफल नही हो सके.

भोजपुर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए लुटेरों को धोबहां और मुफस्सिल थाना इलाके से गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि जनवरी में बखोरापुर स्थित बैंक को लूटने के बाद लुटेरों ने उन पैसों से एक मोबाइल खरीदा और अगली लूट के लिए हथियार खरीदे. गिरफ्तार लुटेरों के नाम मुफस्सिल थाना के धोबहां ओपी निवासी नीतीश कुमार, जितेंद्र कुमार, रंजीत कुमार और मुफस्सिल के दौलतपुर निवासी राहुल कुमार हैं.

Join us on:

Leave a Comment