सदन में लौटे भाजपा MLA, स्पीकर ने कहा-आप आए और बहार आई

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

मंत्री विजय चौधरी की पहल से दिखी लोकतंत्र की खूबसूरती
कांग्रेस विधायक अजीत शर्मा ने भाजपा सदस्यों को बुलाया
भाजपा विधायक लखींद्र पासवान का निलंबन वापस

पटना : बिहार विधान सभा में इस सत्र की शुरुआत से ही पक्ष और विपक्ष के बीच तनावपूर्ण माहौल था, लेकिन इस बीच आज बुधवार को एक ऐसी घटना हुई, जिससे भारत में लोकतंत्र का खूबसूरत चेहरा दिखा। दरअसल, बजट सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही भाजपा ने सदन का बहिष्कार कर रखा था। भाजपा अपने दो विधायकों को निलंबित करने को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रही थी। सदन की प्रथम पाली में राजद और भाजपा विधायकों के बीच हाथापाई तक हो गई, जिसके बाद मामला और बढ़ गया। जिससे सदन के प्रथम पाली की कार्यवाही बिना विपक्ष के ही चली। दूसरी पाली में भी भाजपा के विधायक सदन में नहीं पहुंचे। इसके बाद मंत्री विजय चौधरी ने बिहार विधानसभा के अध्यक्ष से कहा कि विपक्ष की गैरहाजिरी से सदन सूना लग रहा है। बगैर विपक्ष के सदन कैसे चलेगा। उनसे यहां आने का आग्रह करना चाहिए। इसके बाद सदन के अंदर से ही विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने भाजपा से सदन में आने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस विधायक अजीत शर्मा को भाजपा विधायकों को सदन में मानकर लाने की जिम्मेदारी सौंपी। कांग्रेस विधायक गए और भाजपा विधायकों को मनाया। थोड़ी ही देर के बाद भाजपा के सदस्य बिहार विधानसभा में दाखिल हुए। यह देखकर मंत्री विजय चौधरी बेहद खुश हुए और गर्मजोशी से भाजपा के सदस्यों का स्वागत किया। विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने शेरो-शायरी से भाजपा विधायकों का स्वागत किया और कहा-आप आए, बहार लाए। इसके बाद सदन में माहौल खुशगुवार हो गया। इसके बाद जिस मामले पर हंगामा हुआ था, उसको लेकर भाजपा विधायक लखींद्र पासवान और माले विधायक सत्यदेव राम को अपना-अपना पक्ष रखने को कहा गया। सबकी बातें सुनने के बाद भाजपा विधायक लखींद्र पासवान का निलंबन हटाने के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर दिया गया और सदन की कार्यवाही शुरू हो गई।

सदन सूना लगता था, आपके आने से रौनक बढ़ गई : चौधरी
बीजेपी नेताओं के धरना प्रदर्शन समाप्त कर सदन लौटने के बाद नीतीश सरकार में संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि आप सदस्यों के आने से एकबार फिर सदन की रौनक ही बढ़ गयी है। आपके नहीं होने से सदन सूना लगता था। विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि हम इसके लिए आसन के साथ बीजेपी विधायकों को भी बधाई देते है और स्वागत करते हैं।
विजय सिन्हा ने शायरी से सत्ता पक्ष पर कसा तंज
वहीं, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर में सभी की जिम्मेदारी है कि जनता के उम्मीदों पर खड़े उतरें। सत्ता पक्ष और विपक्ष सरकार के अंग हैं। सदन के गतिरोध को दूर करने का सदन के सभी सदस्य प्रयास करते हैं। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि जनता की आवाज बनकर सुझाव देना आईना दिखाना हमारा काम है। कोई ऐसी हल्की बात नहीं होनी चाहिए कि जिससे किसी को ठेस लगे।
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि किसी का उपहास या मजाक उड़ान सही नहीं है, क्योंकि आज धरना पर हम बैठे थे कल कोई और बैठेगा। इसके साथ ही विजय कुमार सिन्हा ने शायरी से सत्ता पक्ष पर तंज किया-कभी किसी के चेहरे को मत देखो उसके मन को देखो, क्योंकि सफेद रंग में वफा होती तो नमक जख्मों की दवा होती।
नेता प्रतिपक्ष ने नसीहत देने वाले अंदाज में कहा-जैसे जैसे नाम आपका ऊंचा होता है वैसे वैसे शांत रहना सीखिए, क्योंकि आवाज हमेशा सिक्कों में होती नोटों को कभी बजते हुए नहीं देखा।

Join us on:

Leave a Comment