रिपोर्ट- अमित कुमार!
बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि “बिहार में अब लोकतंत्र नहीं, डर-तंत्र चल रहा है।”
दिल्ली से पटना पहुंचे तेजस्वी यादव व्हीलचेयर पर एयरपोर्ट से बाहर निकले। मीडिया से बातचीत में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हालिया बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में अपराध बेलगाम हो चुका है, खासकर छोटी बच्चियों के साथ गैंगरेप की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि नीट छात्रा का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि दरभंगा समेत कई जिलों में गंभीर घटनाएं उजागर हो गईं। इन मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने सदन में सवाल उठाए, लेकिन सरकार जवाब देने के बजाय अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रही है।
तेजस्वी ने कहा,
“बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री राबड़ी देवी रही हैं, लेकिन उन्होंने कभी ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं किया। आज मुख्यमंत्री पद की गरिमा लगातार गिराई जा रही है।”
मुख्यमंत्री की सेहत और बयानबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा,
“उम्र बढ़ने पर बीमारियां आती हैं, लेकिन असली सवाल यह है कि मुख्यमंत्री को बोलने क्यों नहीं दिया जा रहा? माइक बंद किया जा रहा है, पीछे से निर्देश दिए जा रहे हैं। इससे साफ है कि मुख्यमंत्री बेहद कमजोर हो चुके हैं और रिमोट कंट्रोल से सरकार चल रही है।”
नीट छात्रा मामले में CBI जांच को लेकर तेजस्वी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा,
“सीबीआई ने जांच स्वीकार नहीं की, बिहार सरकार ने जांच बंद कर दी। सब मिले हुए हैं।”
उन्होंने बालिका गृह कांड और सृजन घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि
“हर बड़े मामले में दोषियों को बचाने का काम हुआ है। NDA सरकार में जनता को न्याय मिलना संभव नहीं है।”
तेजस्वी यादव ने दो टूक कहा,
“इस सरकार में अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है, उनका मनोबल बढ़ाया जा रहा है। बिहार में लोकतंत्र नहीं, डर का माहौल है।”
वहीं तेज प्रताप यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने साफ कहा,
“यह उनका निजी मामला है, मुझसे इस पर सवाल न पूछें।”



