रिपोर्ट अनमोल कुमार
नीतीश कुमार पर ज्यादा शोध नहीं किया, कोई गारंटी नहीं दे सकते : सरमा
सभी दल समझ ले पीएम मोदी देश के सबसे बड़े नेता
गुवाहाटी : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से बृहस्पतिवार को नीतीश कुमार के एनडीए में वापसी को लेकर जब उनसे प्रश्न पूछा तो उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को लेकर, आप किसी चीज की गारंटी नहीं दे सकते हैं, इसलिए मैं उनके बारे में फिलहाल कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दूंगा। सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने बृहस्पतिवार को कहा कि पूर्वोत्तर में चुनाव लड़ने वाले सभी राजनीतिक दलों को यह समझना चाहिए कि उन्हें अंतत: भाजपा का समर्थन करना ही होगा। यहां संवाददाताओं से बातचीत करते सरमा हुए यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के ‘सबसे बड़े नेता’ हैं और इस क्षेत्र में हर कोई उनका समर्थन करता है। नगालैंड में जदयू और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) द्वारा एनडीपीपी-भाजपा गठबंधन को समर्थन देने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए पूर्वोत्तर आने वाले सभी दलों को पहले यह समझ लेना चाहिए कि उन्हें धारा के साथ ही चलना होगा। सरमा आगे ने कहा कि पूर्वोत्तर में प्रवेश करने से पहले सभी दलों का यह समझ लेना चाहिए कि जल अंतत: समुद्र में ही मिलता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कद सबसे बड़ा है और सभी उन्हें पसंद करते हैं। सरमा पूर्वोत्तर जनतांत्रिक गठबंधन (एनईडीए) के संयोजक भी हैं। सरमा ने हालांकि इस सवाल पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि नगालैंड का घटनाक्रम जदयू प्रमुख और नीतीश कुमार की भाजपा नीत एनडीए में वापसी का संकेत है? इस पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने उनके बारे में ज्यादा शोध नहीं किया है। लेकिन नीतीश कुमार को लेकर, आप किसी चीज की गारंटी नहीं दे सकते।
राहुल की भारत में कोई सुनता नहीं तो लंदन में बोले
हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ब्रिटेन दौरे के दौरान उनकी टिप्पणियों को लेकर हुए विवादों के लिए सरमा ने उन्हें आड़े हाथों लिया और दावा किया कि उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि वे जानते हैं कि भारत में उन्हें कोई नहीं सुनेगा, इसलिए उन्होंने भारत विरोधी कुछ लोगों को लंदन में जमा किया और उनके समक्ष बोला।




