रिपोर्ट – निभाष मोदी
भागलपुर: 25 जुलाई को तिलकामांझी चौक पर हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में भागलपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। अब तक इस मामले में 15 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 155 संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में भागलपुर पुलिस ने 155 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें सार्वजनिक करते हुए आम लोगों से उनकी पहचान कराने में सहयोग की अपील की है।वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल पर हमला किया, सरकारी वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा कई आम नागरिकों और मीडिया कर्मियों पर भी लाठी, डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हुई।पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, वीडियो, फोटो और सोशल मीडिया पर उपलब्ध सामग्री के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। जारी की गई तस्वीरों में दिख रहे लोगों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आम नागरिकों से सहयोग मांगा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पहचान होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी देने के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9031828002, 9031828003, 9031828010, 9031828011 और 9031827930 जारी किए हैं,पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
भागलपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और यदि जारी तस्वीरों में किसी व्यक्ति की पहचान हो तो तुरंत हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि दोषियों के खिलाफ शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



