आकाश कुमार!
पूर्णिया: प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर अवैध वसूली का विडियो वायरल, पूर्णिया विश्वविद्यालय के कलावती कॉलेज का है मामला
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक विडियो तेजी से वायरल हो रहा है।वायरल विडियो में प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर एक शख्स को अवैध उगाही करते देखा जा सकता है। ये वायरल विडियो पूर्णिया विश्वविद्यालय के रानीगंज स्थित कलावती कालेज की बताई जा रही है। तस्वीरों में प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर अपनी जेब गर्म करते दिखाई दे रहे ये शख्स कोई और नहीं बल्कि पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा संचालित रानीगंज स्थित कलावती कालेज के कर्मचारी बताए जा दे हैं। वहीं वायरल विडियो के सामने आने के बाद कालेज से लेकर पूर्णिया विश्वविद्यालय में हडकंप मच गया है।
दरअसल ये वायरल विडियो बीते शनिवार की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पूर्णिया विश्वविद्यालय ने पार्ट वन की प्रैक्टिकल परीक्षा की तिथि 15 – 22 फरवरी घोषित कर रखी है। लिहाजा पार्ट वन की प्रैक्टिकल परीक्षा लेने को लेकर गैर अंगीभूत कॉलेजों को भी पूर्णिया विश्वविद्यालय ने परीक्षा केंद्र बनाया है। रानीगंज स्थित कलावती कालेज भी ऐसे ही अंगीभूत कॉलेजों में से एक है। जहां पार्ट वन की परीक्षा के एवज में कॉलेज के कर्मचारी को छात्राओं से रुपए लेते देखा जा सकता है।
वायरल वीडियो में प्रैक्टिकल परीक्षा की कॉपी के साथ ही कालेज के एक कर्मचारी को छात्रों से 200 रुपए वसूली करते देखा जा सकता है। वहीं कर्मचारी रुपए वसूलने में इस कदर मशगूल हो गए कि इधर किसी छात्र ने वसूली का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
छात्र सौरभ कुमार ने बताया कि छात्रों के साथ इस तरह के आर्थिक उगाही करना निंदनीय है। इससे पूर्व भी कलावती कालेज में छात्रों के साथ अवैध उगाही का मामला सामने आया था। लेकिन विश्वविद्यालय ने ऐसे लोगों के उपर कोई कार्रवाई नहीं की और मामले को लीपापोती कर दिया गया। कुछ ही दिन पूर्व कटिहार के मनिहारी स्थित एक कालेज में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। वह मामला ठंडाया नहीं कि दूसरा उगाही का मामला सामने आ गया।




