रेलवे ट्रैक किनारे 150 से ज्यादा भेड़ों की लाशें, हादसे में ट्रेन से कटकर मौत!

SHARE:

रिपोर्ट – रुपेश कुमार!

औरंगाबाद। बारुण थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। न्यू सोननगर और बगहा रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 150 से अधिक भेड़ों की मौत हो गई। हादसे में स्थानीय पशुपालक ललन पाल को भारी आर्थिक क्षति हुई है। पीड़ित के अनुसार, मृत भेड़ों की कीमत करीब 20 लाख रुपये है और इन्हीं भेड़ों के सहारे पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था।
ललन पाल ने बताया कि पशुपालन ही उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन है। इस हादसे के बाद उनके सामने परिवार चलाने के साथ-साथ अपनी तीन बेटियों की शादी की चिंता भी खड़ी हो गई है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
हादसे के बाद रेलवे ट्रैक के किनारे बड़ी संख्या में मरी हुई भेड़ों के शव पड़े रहे। आसपास आवारा कुत्ते और चील शवों को नोचते दिखाई दिए, जिससे स्थानीय लोगों में संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द शवों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण नहीं कराया गया तो दुर्गंध और बीमारी फैलने का खतरा उत्पन्न हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने प्रशासन और रेलवे अधिकारियों से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि एक ही परिवार की इतनी बड़ी संख्या में पशुधन की मौत से उसकी पूरी आर्थिक व्यवस्था चरमरा गई है। ऐसे में सरकार और रेलवे प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए उचित मुआवजा देना चाहिए। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए रेलवे ट्रैक के आसपास प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, पशुओं की आवाजाही रोकने के उपाय तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पूरे मामले में लोगों की निगाहें जिला प्रशासन और रेलवे प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पीड़ित पशुपालक को शीघ्र आर्थिक सहायता और न्याय मिलेगा, ताकि वह दोबारा अपने परिवार की आजीविका को संभाल सके। साथ ही इस दर्दनाक हादसे से सबक लेते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Join us on: