:- रवि शंकर अमित/बबलू राय!
बेगूसराय के चर्चित बालिका गृह मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. पांच बालिकाओं के एक साथ बालिका गृह से फरार होने के मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता आज (गुरुवार, 30 जुलाई) बेगूसराय पहुंचीं और बालिका गृह का निरीक्षण कर पूरे मामले की समीक्षा की. मंत्री ने अधिकारियों से जानकारी ली और बालिकाओं से भी अलग-अलग बातचीत की. वहीं विभाग की ओर से मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया गया है. बता दें कि हाल ही में रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित बालिका गृह से एक साथ पांच बालिकाएं फरार हो गई थीं. घटना सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया।पुलिस ने अब तक तीन बालिकाओं को बरामद कर लिया है, जबकि दो की तलाश जारी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता अचानक बालिका गृह पहुंचीं. मंत्री के दौरे से बालिका गृह परिसर में अधिकारियों और कर्मियों के बीच हलचल देखी गई. उन्होंने बालिका गृह की व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की. बालिकाओं के फरार होने के बाद यह आरोप भी सामने आया था कि बालिका गृह में उन्हें प्रताड़ित किया जाता था, जिसकी वजह से वे वहां से भागीं।इस संबंध में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि उन्हें भी ऐसी शिकायतों की जानकारी मिली है. निरीक्षण के दौरान जो भी तथ्य सामने आए हैं, उन्हें विभागीय रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है और पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. मंत्री ने बताया कि फरार हुई पांच बालिकाओं में से तीन को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है. उन्होंने दावा किया कि बाकी दो बच्चियों को भी जल्द बरामद कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी बच्चियां हाल ही में इस बालिका गृह में शिफ्ट हुई थीं।मंत्री ने यह भी बताया कि बरामद की गईं बालिकाओं ने पूछताछ में बताया है कि वे खिड़की की ग्रिल तोड़कर वहां से बाहर निकली थीं. विभाग इस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रहा है. साथ ही बालिकाओं की सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें किसी अधिक सुरक्षित और उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने पर भी विचार किया जा रहा है. मंत्री ने कहा कि उन्होंने बालिकाओं से अलग-अलग बातचीत की है और जो भी शिकायतें सामने आई हैं, उनकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी. यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी
बाइट – श्वेता गुप्ता, मंत्री




