सुखदेव प्रसाद वर्मा जी की 32 वीं पुण्यतिथि समारोह पूर्वक मनाई गई!

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद।


स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व मंत्री एवं समाजवादी बहुमुखी प्रतिभा के धनी स्व0 सुखदेव प्रसाद वर्मा जी की 32 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत सुगाँव में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। राजकीय समारोह का प्रारंभ सर्वप्रथम भजन कीर्तन एवं निर्गुण गीत के साथ किया गया।
माननीय पूर्व शिक्षा मंत्री शिक्षा विभाग, बिहार सरकार तथा स्व0 सुखदेव प्रसाद वर्मा के सुपुत्र कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, सांसद, लोक सभा चंद्रशेवर प्रसाद, सदस्य बिहार विधान सभा, मखदुमपुर सतीश कुमार,सदस्य बिहार विधान सभा, घोषी रामबली सिंह यादव, जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक रंजन सहित अन्य माननीय जन प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों द्वारा स्व0 सुखदेव प्रसाद वर्मा के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने सभा को संबोधित करते हुए स्व0 सुखदेव प्रसाद वर्मा के कार्यों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को एक नई दिशा दी। देश की आजादी के लिए अंग्रजों की यातनाऐं झेलते हुए देश को आजाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने नयी पीढी के लोगों को इनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज के प्रति समर्पण भाव से काम करने का आवाहन किया। स्व0 श्री वर्मा विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वाहन किया। उन्होंने सुगाँव के लोगों को सौभाग्यशाली मानते हुए कहा कि इस धरती पर जन्म लेने वाले स्व0 वर्मा जैसे देशभक्त, समाजवादी नेता को शत शत नमन किया।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि स्व0 श्री वर्मा का जन्म जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत सुगाँव गांव में 10 अप्रैल, 1916 को हुआ था। इन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अत्यंत उल्लेखनीय भूमिका निभाई थी। उन्होंने स्कूली शिक्षा गांव में ही प्राप्त कर गांव से ही समाज सेवा की शुरुआत कर दी थी। शिक्षा का प्रचार प्रसार करने के लिए सरकारी शिक्षक की नौकरी करते हुए बिहार शिक्षक संघ कार्यकारणी के सदस्य बने। उसके बाद उन्होंने शिक्षक की नौकरी छोड़कर राजनीति में अपना कदम रखा। भारत छोड़ो आंदोलन में उन्होंने भूमिगत होकर कार्य किया। इसके बाद हिन्दू मुस्लिम एकता के लिए जहानाबाद की पदयात्रा पर आये राष्ट्रपति महात्मा गाँधी ने इनकी पीठ थपथपाई थी। एकीकृत गया जिला का सुगाँव पहला ग्राम पंचायत बना, जिसके स्व0 श्री वर्मा जी निर्विरोध मुखिया निर्वाचित हुए थे। आजादी के बाद वे दो बार विधायक, दो बार सांसद और एक बार बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री के पद को सुशोभित करते हुए समाज के समग्र विकास के लिए सतत् प्रयत्नशील रहे। राजनीति कद और संगठन क्षमता का सम्मान करते हुए इंदिरा गाँधी तथा बाबू जगजीवन राम ने सांसद रहते हुए इन्हें बिहार मंत्रीमंडल में शामिल कराया था। इसी दौरान वर्मा जी ने ग्रामीण क्षेत्रों में कई पशु अस्पताल का शुभारंभ किया तथा शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए बस परमिट का कोटा निर्धारित कराया। इन्ही के प्रयास से स्व0 अनुग्रह नारायण सिंह के सहयोग से उच्च विद्यालय, टेहटा और मखदुमपुर की स्थापना कर प्रस्वीकृति दिलायी। वर्ष 1984 में अस्वस्थता के कारण सक्रीय राजनीति को विराम देते हुए अपने पैतृक गांव सुगाँव में रहने लगे। अपना गांव उन्हें बहुत प्रिय था। 05 फरवरी, 1991 को वर्मा जी ने अपने पैतृक गांव अवस्थित घर में अंतिम सांसे ली। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानी, देशभक्त, शिक्षा प्रेमी, समाज सुधारक, सफल राजनीतिज्ञ, कुशल प्रशासक, सहकारिता एवं पंचायती राज संस्थाओं के निर्भीक पहरेदार को शत शत नमन।
इस अवसर पर माननीय पूर्व शिक्षा मंत्री ने बताया कि हमारे पिता जी स्व0 सुखदेव प्रसाद वर्मा जैसे महान नेता, स्वतंत्रता सेनानी एवं उपेक्षितों तथा गरीबों के हित के लिए काम करने वाले शख्स को श्रद्धा सुमन अर्पित करते है। ऐसे हीं कर्तव्यनिष्ठ महापुरूष के बल पर हमारा देश, हमारा बिहार विकास की ओर अग्रसर है। सांसद चंदेश्वर प्रसाद ने कहा कि सुखदेव बाबू समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलते थे। उन्होंने सुखदेव बाबू को महान स्वतंत्रता सेनानी तथा मगध के गांधी बताते हुए कहा कि सुखदेव बाबू जैसे राजनेता आज के राजनेताओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। माननीय सदस्य बिहार विधान सभा रामबली सिंह यादव एवं माननीय सदस्य बिहार विधान सभा सतीश कुमार ने कहा कि समाज के कल्याण और विकास हेतु सुखदेव प्रसाद वर्मा के आदर्शों को आत्मसात करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर सुखदेव प्रसाद वर्मा जनता पुस्तकालय का अवलोकन सभी महानुभावों द्वारा किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित राजकीय समारोह का संचालन सुखदेव प्रसाद वर्मा स्मृति संस्थान के सचिव नीतीश कुमार सिन्हा ने किया और उन्होंने विस्तार से स्वर्गीय सुखदेव प्रसाद वर्मा के जीवन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में राजद जिलाध्यक्ष महेश ठाकुर जदयू जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा हम सेकुलर के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार सामाजिक कार्यकर्ता परमहंस राय चुन्नू शर्मा कौशलेंद्र वर्मा शकील काकडी नंदकिशोर यादव दिलीप कुशवाहा अमित कुशवाहा जिला परिषद अध्यक्ष रानी कुमारी सदस्य संगीता सिंह वीरेंद्र दास वीरेंद्र कुशवाहा संजय कुमार पंपी सिंह मुखिया अवधेश शर्मा हरिलाल प्रसाद यादव रंजू देवी अजय सिंह यादव श्याम यादव पिंटू यादव महेंद्र पांडे शाहीन तारीख एवं पप्पू दांगी समेत दर्जनों लोगों ने सुखदेव बाबू को श्रद्धा के साथ स्मरण करते हुए पुष्पांजलि अर्पित किया। मौके पर शिक्षा विभाग जहानाबाद कि सांस्कृतिक टीम ने सुनैना कुमारी के नेतृत्व में भजन गायन और निर्गुण गान की प्रस्तुति की। सुगांव उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं और ग्रामीण कलाकारों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में स्व0 सुखदेव प्रसाद वर्मा के विचारो को याद करते हुए बिहार गौरव गान गाया गया एवं अंत में राष्ट्रगान गाया गया। धन्यवाद ज्ञापन जहानाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार ने किया।

Join us on:

Leave a Comment