रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!.
कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र के खरसौता पंचायत अंतर्गत कंदोल गांव वार्ड संख्या-10 में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शौचालय की सेप्टिक टंकी में गिरे बकरी के बच्चे को बचाने के प्रयास में दो लोग जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। दोनों को गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आजमनगर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कटिहार रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बकरी का एक बच्चा शौचालय की टंकी में गिर गया था। उसे निकालने के लिए सबसे पहले दयानंद मंडल बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के टंकी में उतर गए। टंकी के भीतर मौजूद जहरीली गैस के कारण वह कुछ ही देर में बेहोश होकर वहीं गिर पड़े। दयानंद को बाहर नहीं निकलता देख उन्हें बचाने के लिए मोतीलाल मंडल भी टंकी में उतर गए, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आकर अंदर ही फंस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जेसीबी मशीन मंगाई गई और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से दोनों को काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आजमनगर पहुंचाया गया।
अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि दोनों की हालत गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उन्हें सदर अस्पताल कटिहार रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और चिंता का माहौल बना रहा। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि सेप्टिक टंकी या शौचालय की टंकी में बिना सुरक्षा उपकरण और विशेषज्ञों की सहायता के कभी भी प्रवेश न करें, क्योंकि इनमें मौजूद जहरीली गैस जानलेवा साबित हो सकती है
Byte — ग्रामीण
Byte —-डॉक्टर



