दरभंगा अशोक ठाकुर
दरभंगा – नगर थाना क्षेत्र के हसन चौक स्थित राज स्कूल में मंगलवार की शाम तेज आवाज के साथ लोहे का गेट टूट कर गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कई बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद आसपास से काफी संख्या में लोग जुट गए और काफी मशक्कत के बाद लोहे के गेट को हटाया गया। लेकिन तब तक बच्ची दम तोड़ चुकी थी। घटना के बाद परिजनों के बीच कोहराम मच गया। वहीं स्थानीय लोग घटना के बाद आक्रोशित होकर सड़क जाम कर सभी दोषियों पर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग करने लगे।

घटना से आक्रोशित लोगों ने देखते ही देखते सड़क को जाम कर सड़क पर आगजनी कर स्कूल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करने का प्रयास किया लेकिन उन्हें भी आक्रोशित लोगों का आक्रोश का सामना करना पड़ा। वही स्थानीय सुरेश पंडित का कहना था कि स्कूल संचालन के समय अगर यह गेट टूट कर गिरता तो कई बच्चों की जान चली जाती। लेकिन यह संयोग था कि घटना शाम के वक्त घटी। इसीलिए कोई बड़ी घटना नहीं घटी।
मृतिका माही की चाची प्रमिला देवी ने बताया कि उनके देवर सुनील राम की 4 वर्षीय बेटी माही स्कूल के गेट के पास खड़ी थी। पास में ही कुछ बच्चे खेल भी रहे थे। इसी बीच स्कूल का भारी-भरकम लोहे का गेट टूट कर नीचे गिर गया। जब तक माही कुछ समझ पाती उससे पहले वह गेट के नीचे दब गई। अन्य बच्चे चिल्लाकर इधर-उधर भागने लगे। अफरा-तफरी के बीच स्थानीय लोगों की मदद से गेट को उठाया गया। इसके बाद खून से लथपथ बच्ची को उठाकर अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताते चलें कि राज स्कूल का इस गेट का निर्माण 4 वर्ष पहले दो लाख 34 हजार रुपया से करवाया गया था। लेकिन गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया। जिसके वजह से भारी-भरकम गेट टूट गया और स्कूल के सामने स्थित मखनाही पोखर मोहल्ला निवासी सुनील राम की चार वर्षीय माही की जान चली गई।




