रुपेश कुमार की रिपोर्ट
बिहार के औरंगाबाद में बच्चों को अश्लीलता का पाठ पढ़ाने वाले कोचिंग संस्थान के विरुद्ध अब कार्रवाई शुरू हो गयी है। नारायणा क्लासेस नामक कोचिंग संस्थान में फेयरवेल में सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर जमकर अश्लीलता परोसी गयी थी। वीडियो सामने के बाद से लगातार उक्त संस्थान की भर्तस्ना की जा रही है। मामला बढ़ते हुए प्रशासनिक महकमा तक जा पहुंचा। इसके बाद अधिकारी भी एक्शन में आये और तुरंत इस मामले में संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग ने उक्त संस्थान से शो-कॉज किया है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी दयाशंकर सिंह ने संस्थान के प्रबंधक को स्पष्टीकरण करते हुए जवाब मांगा है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने कहा है कि संस्थान के प्रोग्राम में भोजपुरी गाने पर अश्लीलता परोसना शैक्षणिक माहौल के अनुकूल कृत्य नहीं है। क्यों न शैक्षणिक वातावरण के विपरीत कार्य करने पर आपके विरुद्ध कार्यवाई की जाये। संस्थान से तीन दिनों के अंदर जवाब मांगा गया है। कहा जा रहा है कि संस्थान द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, शैक्षणिक संस्थान में अश्लीलता परोसे जाने के मामले को दबाने के उद्देश्य से इसे राजनीतिक स्वरूप देने का प्रयास भी किया जा रहा है। सूत्रों की माने तो छात्र संघ से जुड़े दर्जनों युवाओं द्वारा संस्थान के बाहर प्रदर्शन किया गया और अश्लीलता की शिक्षा देने वाले संस्थान पर कार्रवाई की मांग की गयी। इस दौरान संस्थान के शिक्षकों और युवाओं के बीच धक्का-मुक्की होने की सूचना भी मिली है। जनकारी पाकर नगर थानाध्यक्ष फ़ौरन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला। काफी समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत कराया। इसके बाद सभी आक्रोशित छात्र शिक्षा विभाग कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई करने की मांग की। जब अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया तब छात्र शांत हुए।




