कथावाचक देवकीनंदन महाराज को बम से उड़ाने व जिंदा जला देने की धमकी!

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

सउदी अरब से कॉल में मुसलमानों पर बोलने का आरोप, मिली अश्लील गालियां
मुंबई में कथा पण्डाल पुलिस छावनी में तब्दील

वृन्दावन : प्रसिद्ध कथावाचक हिंदु धर्मगुरु व प्रियाकान्तजु मंदिर के संस्थापक देवकीनंदन महाराज को बम से उड़ाने और जिंदा जला देने की धमकी मिली है। सउदी अरब से उनके निजी नम्बर पर कॉलर ने अश्लील गालियां देते हुये चौक में जिंदा जलाने की धमकी दी है। देवकीनंदन महाराज इस समय खारगर मुम्बई में श्रीमद्भागवत कथा कर रहे हैं। जानलेवा धमकी पर महाराष्ट्र पुलिस ने संज्ञान लेकर एनसीआर दर्ज की है वहीं कथा पाण्डाल में भी कड़ी सुरक्षा कर दी गयी है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर देवकीनंदन ठाकुरजी महाराज के निजी फोन पर सउदी अरब से फोन आया, जिसे उठाने पर फोन करने वाला व्यक्ति मुसलमानों पर बोलने का आरोप लगाते हुए अश्लील गालियां देने लगा। महाराज द्वारा इसका विरोध करने पर उन्हें बम से उड़ाने तथा चौक पर जिंदा जलाने की धमकी दी गई। डेढ़ मिनट के कॉल का उनके साथी ने वीडियो बना लिया। इसकी जानकारी ट्वीटर के माध्यम से स्थानीय पुलिस के साथ ही पीएमओ, गृह मंत्रालय और महाराष्ट्र एवं यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी गई ।
प्रियाकान्तजु मंदिर सचिव विजय शर्मा ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस ने इसका संज्ञान लेते हुए कथा पण्डाल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। संस्था की ओर से इस संबन्ध में 298, 504, 506, 507 धाराओं के अन्तर्गत एक एनसीआर खारघर थाने में दर्ज कराई गई है।
पहले भी दुबई से मिल चुकी है धमकी
इससे पहले भी अप्रैल में मुम्बई के वासिम में हनुमान जयंती पर रामभक्तों के साथ शोभायात्रा निकालने पर भी उन्हें दुबई से जान से मार देने की धमकी भरा फोन आया था। शर्मा ने कहा कि देवकीनंदन महाराज सनातन धर्म के लिये मुखर होकर बोलते हैं। न्यूज चैनल एवं कथा पाण्डाल के उनके कई वीडियो वायरल होते रहे हैं। पिछले दिनों ऑफताफ-श्रद्धा मामले में भी वे लव जिहाद पर हिंदू समाज को जाग्रत करते हुये प्रमुखता से बोले थे।
उन्होने कहा कि हिंदुत्व पर बोलने पर पहले भी ऐसे कई कॉल मैसेज संस्था के नम्बरों पर आ चुके हैं लेकिन इस बार सीधे देवकीनंदन महाराज के ही नम्बर पर धमकी दी गई है। उनका नम्बर बहुत ही गिने-चुने लोगों के पास है। शिष्यों द्वारा लगातार उनकी सुरक्षा की मांग की जाती रही है।
हिंदुत्व के प्रचार-प्रसार से पीछे नहीं हटेंगे
इस सम्बंध में एक वीडियो जारी कर देवकीनंदन महाराज ने कहा कि हम किसी भी जाति या धर्म के विरोध में नहीं बोलते हैं, लेकिन सनातन धर्म और हिंदुत्व संस्कृति के प्रचार-प्रसार से पीछे नहीं हटेंगे। हम किसी को मिटाने के लिये बल्कि अपने संस्कारों को बचाने एवं बढ़ाने के लिये कार्य कर रहे हैं। उन्होने केन्द्रीय गृहमंत्री, यूपी और महाराष्ट्र की सरकार से इसका संज्ञान लेने का अनुरोध करते हुये कहा कि सनातन की आवाज रूकनी नहीं चाहिए।

Join us on:

Leave a Comment